Dainik Savera Times

मंत्री मुंडियां और विधायकों ने वेडिंग के दफ्तर के आगे खूब बजाया बैंड

लुधियाना: कांग्रेस के नेता विपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कुछ दिन पहले मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ को लेकर विवादित बयान दिया था कि जो पहले बैंड बजाता रहा है, उसकी बैंड हम बजाएंगे। इस बयान को लेकर आम आदमी पार्टी बाजवा का लगातार विरोध कर रही है। शुक्रवार को मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां व लुधियाना के सभी विधायक, अन्य नेताओं के साथ बैंड बाजे लेकर मिनी सचिवालय पहुंच गए। उन्होंने मिनी सचिवालय में स्थित कांग्रेसी सांसद व प्रधान राजा वडिंग का दफ्तर घेर लिया और दफ्तर के बाहर जमकर खूब बैंड बजाया।

उन्होंने प्रताप सिंह बाजवा व राजा वडिंग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। मुंडियां ने कहा कि जब तक बाजवा माफी नहीं मांगते, तब तक आम आदमी पार्टी उन्हें घेरती रहेगी। मुंडियां ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने आम घरों के लोगों को विधायक बनाया, यह बात दूसरी पार्टियों के पुराने नेताओं को रास नहीं आई। पहले कांग्रेसी कहते थे कि सरकार छह महीने नहीं चलेगी।

अब जब सरकार ने न केवल अपना कार्यकाल पूरा किया, बल्कि लोगों को मुफ्त बिजली, शिक्षा, दस लाख तक का हेल्थ बीमा व अन्य सुविधाएं देकर अपनी गारंटियां पूरी कर दी तो विधानसभा चुनाव में हार के अंदेशे से बौखलाकर कांग्रेसी नेता अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ के पिता ने बैंड बाजा बजाकर मेहनत से अपने बेटे को पढ़ाया लिखाया, और आज वह लोगों की सेवा कर रहा है, लेकिन प्रताप सिंह बाजवा ने इस तरह का बयान देकर दलितों व मेहनतकशों का अपमान किया है।

मुंडियां ने कहा कि बैंड तो पहले 2022 में कांग्रेस का बजा था और अब 2027 में फिर से बजने जा रहा है। इस मौके विधायक मदनलाल बग्गा, कुलवंत सिंह सिद्धू, दलजीत सिंह भोला ग्रेवाल, सर्बजीत कौर माणुके, जगतार सिंह दयालपुरा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपनी गिरती राजनीतिक ज़मीन बचाने के लिए घटिया और निजी हमलों पर उतर आई है। आम आदमी पार्टी जहां अपनी लीडरशिप के सम्मान और पंजाब के असली मुद्दों की रक्षा के लिए हर मोर्चे पर मज़बूती से खड़ी रहेगी। वहीं नकारात्मक और निजी राजनीति का जवाब जनिहतैषी कामों और लोगों की ताकत से दिया जाएगा।

इस मौके मेयर इंद्रजीत कौर, सीनियर डिप्टी मेयर राकेश पराशर, चेयरमैन गुरजीत सिंह गिल, राजिंदर सिंह बसंत, गुरविंदर सिंह, सुरेश गोयल, एडवोकेट परमजीत, जिला प्रधान व चेयरमैन जतिंदर सिंह खंगूड़ा, शरणपाल सिंह मक्कड़, जिला देहाती-1 प्रधान तेजपाल सिंह गिल, देहाती-2 प्रधान गुरदर्शन सिंह कूहली, परमवीर सिंह, मालवा सेंट्रल जोन महिला विंग की प्रधान अजिंदरपाल कौर,जिला प्रधान मनीषा कपूर, केएनएस कंग समेत, एससी विंग के शहरी प्रधन कपिल सिद्धू, लुधियाना यूथ विंग के प्रधान अमरिंदर सिंह एमपी जवद्दी , जिला सचिव एडवोकेट नीति गुप्ता, जिला मीडिया इंचार्ज पुनीत साहनी, एडवोकेट रमेश कपूर, रमेश अग्रवाल भी मौजूद थे।

Exit mobile version