लुधियाना: केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू शनिवार को लुधियाना पहुंचे हैं। इस मौके पर उन्हाेंने कहा कि लुधियाना में उनका फोकस तीन चीजों पर है, जिसमें रेलवे स्टेशन, बुड्ढा दरिया और एयरपोर्ट शामिल है और उन्होंने कहा कि तीनों पर काम शुरू हो चुका है। लुधियाना वेस्ट के भारत नगर मंडल में रानी झांसी एन्क्लेव वेलफेयर सोसायटी द्वारा आयोजित समागम में रवनीत बिट्टू पहुंचे।
-पहला हैं, लुधियाना के रेलवे स्टेशन पर काम चल रहा है। 500 करोड़ रुपए अतिरिक्त भी खर्च किए जा रहे हैं।
-दूसरा बुड्ढा नाला है जिसके लिए 650 करोड़ रुपए की लागत से पूरे नाले की हालत सुधारी जाएगी। जिस पर जल्द ही काम शुरू होगा।
-तीसरी मांग एयरपोर्ट की है। यह प्रोजेक्ट बनकर तैयार है और बहुत जल्द ही वह पीएम और गृह मंत्री से बात करके लुधियाना के एयरपोर्ट को शुरू करवाने वाले हैं।
रेलवे स्टेशन पर रिटेल शॉप और मॉल भी बनेंगे
रवनीत बिट्टू ने कहा कि लुधियाना की बात करें तो लुधियाना रेलवे स्टेशन पर 500 करोड़ की अतिरिक्त लागत से शॉपिंग मॉल, रिटेल शॉप, सिटी सेंटर, प्लाजा, हाई लेवल प्लेटफॉर्म, सीसीटीवी, लिफ्ट के साथ दिव्यांगों के लिए हर सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि वह केंद्र सरकार के साथ वन रेलवे स्टेशन-वन प्रोडक्ट योजना के तहत काम कर रहे हैं।
अब लुधियाना में भाजपा का मेयर बनेगा
रवनीत बिट्टू ने कहा कि इस बार लुधियाना में भाजपा का मेयर बनेगा, इसके लिए अभी से मेहनत शुरू कर दें। जल्द ही निकाय चुनाव होने वाले हैं। बिट्टू ने कहा कि 2027 में भी पंजाब में डबल इंजन की सरकार बनेगी।