
पंजाब डेस्क: अमृतसर केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र को साफ-सुथरा, सुंदर और स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने मिशन क्लीन पंजाब के तहत सफाई अभियान जारी रखा। विधायक डॉ. गुप्ता ने खुद सफाई अभियान में हिस्सा लिया और पासिया वाला चौक, केसरा ढाबा तथा गुरुद्वारा लोहगढ़ साहिब के आसपास के क्षेत्रों में सफाई मुहिम शुरू की।
सफाई हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी
इस मौके पर विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने कहा कि सफाई केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपना कूड़ा केवल नगर निगम के घर-घर कूड़ा एकत्र करने वाले वाहनों को ही दें।
उन्होंने लोगों से निर्धारित स्थानों पर ही कूड़ा फेंकने, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने में नगर निगम का सहयोग करने की अपील की।
स्वच्छ वातावरण से बनेगा स्वस्थ समाज
विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने कहा कि स्वच्छ वातावरण न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाता है, बल्कि स्वस्थ समाज की नींव को भी मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन के साथ-साथ आम लोगों की भागीदारी भी बेहद जरूरी है।
सफाई कर्मचारियों को प्रोत्साहित करना भी उद्देश्य
विधायक ने कहा कि रोजाना सफाई अभियान में व्यक्तिगत रूप से हिस्सा लेने का मुख्य उद्देश्य लोगों में जागरूकता पैदा करना और सफाई कर्मचारियों को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुसार विभिन्न इलाकों में विशेष सफाई अभियान भी चलाए जाएंगे।
इस अवसर पर राहुल सेठी, मोनिका भट्टी, प्रदीप कुमार, सोनू पहलवान, रोहित कुमार, हैप्पी हीरा सहित आम आदमी पार्टी के स्वयंसेवक भी मौजूद रहे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...