Site icon Dainik Savera Times

मिशन क्लीन पंजाब: लुधियाना में सफाई पर सख्ती

Mission Clean Punjab: Strictness on cleanliness : लुधियाना। ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के दूसरे चरण के तहत लुधियाना नगर निगम ने सफाई व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। मेयर प्रिंसिपल इंदरजीत कौर और नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार ने फील्ड गंज समेत कई इलाकों का औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी।

निरीक्षण के दौरान, मेयर और कमिश्नर ने मुख्य सड़कों के साथ-साथ अंदरूनी गलियों में भी सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति की भी जांच की गई। कुछ जगहों पर सफाई की स्थिति संतोषजनक न पाए जाने पर नगर निगम की स्वास्थ्य शाखा के संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी गई। मेयर इंदरजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस के नेतृत्व में ‘मिशन क्लीन पंजाब’ को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में सफाई के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कमिश्नर अलंकार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित सफाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और लापरवाही पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई की जा सकती है। मेयर और कमिश्नर ने शहरवासियों से यह भी अपील की कि वे सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकें और नगर निगम के सफाई अभियान में सक्रिय सहयोग दें। साथ ही, खुले में कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

Exit mobile version