Site icon Dainik Savera Times

पटियाला में बंद का मिला-जुला असर, दोपहर बाद सामान्य हुआ जनजीवन

पटियाला : कौमी इंसाफ मोर्चा की ओर से सुबह 7 से दोपहर 2 बजे तक पंजाब बंद के आह्वान का शुक्रवार को पटियाला में मिला-जुला असर देखने को मिला। बंद का आह्वान तीन प्रमुख मांगों को लेकर किया गया था, जिनमें सजा पूरी कर चुके बंदी सिंहों की रिहाई, बंदी सिख जगतार सिंह हवारा की पैरोल कम से कम 10 दिनों के लिए किए जाने तथा 15 अगस्त को चंडीगढ़-मोहाली में प्रदर्शन कर रहे सिखों पर पुलिस कार्रवाई का विरोध शामिल था।

बंद को एसजीपीसी, अकाली दल, वारिस पंजाब दे, शिरोमणि अकाली दल (अ), दल खालसा सहित विभिन्न किसान और सामाजिक संगठनों का समर्थन मिला। इस दौरान जगतार सिंह हवारा के पिता विशेष रूप से पटियाला पहुंचे। शहर में बंद के दौरान एमरजैंसी सेवावां अस्पताल, एंबुलैंस तथा मैडीकल स्टोर आदि को छूट दी गई। इस दौरान प्रमुख बाजारों में अधिकांश दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान सुबह बंद रहे, जबकि अंदरूनी रिहायशी इलाकों और बाहरी क्षेत्रों में कुछ दुकानें खुली रहीं।

कई स्थानों पर दुकानदारों ने बंद के समर्थन में स्वयं अपनी दुकानें बंद रखीं। शहर के अधिकांश कॉलेज बंद रहे, जबकि सरकारी स्कूल खुले रहे। कुछ निजी शिक्षण संस्थान भी बंद रहे, जबकि कुछ संस्थानों में सामान्य रूप से कामकाज जारी रहा। कौमी इंसाफ मोर्चा और सहयोगी संगठनों के प्रतिनिधियों ने विभिन्न इलाकों के बाजारों में शांतिपूर्वक जाकर दुकानदारों से बंद के समर्थन में दुकानें बंद रखने की अपील की।

इसके बाद प्रदर्शनकारी गुरुद्वारा दुखनिवारण साहिब में एकत्र हुए। यहां बैठक के बाद बंदी सिंहों की रिहाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया। बैठक में जगतार सिंह हवारा के पिता गुरचरण सिंह ने अपने बेटे और अन्य सिख बंदियों की रिहाई की मांग को लेकर लंबे समय से आवाज उठाने वाले प्रदर्शनकारियों के साथ नए बस स्टैंड चौक तक रोष मार्च का नेतृत्व किया।

Exit mobile version