Site icon Dainik Savera Times

Amritsar: MLA दलबीर सिंह टोंग ने 13 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को वितरित किए नियुक्ति पत्र

पंजाब सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों एवं युवाओं को पारदर्शी तरीके से रोजगार उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता के तहत विधानसभा क्षेत्र बाबा बकाला साहिब के विधायक सरदार दलबीर सिंह टोंग ने आज अपने कैंप कार्यालय में मिशन पोषण 2.0 एवं आंगनवाड़ी सेवा योजना के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से चयनित 13 नव-नियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए।

इस अवसर पर विधायक सरदार दलबीर सिंह टोंग ने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार योग्यता और मेरिट के आधार पर बिना किसी सिफारिश या रिश्वत के युवाओं को सरकारी नौकरियां उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक योग्य युवा को उसकी मेहनत और प्रतिभा के आधार पर समान अवसर प्रदान करना है, जिससे सरकारी भर्ती प्रक्रिया में लोगों का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।

विधायक ने नव-नियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, समर्पण और सेवा भावना के साथ करें। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं तक पोषण, स्वास्थ्य और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी नव-नियुक्त कार्यकर्ता मिशन पोषण 2.0 के उद्देश्यों को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करेंगी।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार एक ओर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ा रही है, वहीं दूसरी ओर जनकल्याणकारी योजनाओं को पूरी पारदर्शिता, जवाबदेही और प्रभावी ढंग से धरातल पर लागू कर रही है। इस अवसर पर ब्लॉक रैया के सीडीपीओ जसप्रीत सिंह, विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, विशाल शर्मा तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

📍 Location: Amritsar (Amritsar)

Exit mobile version