Site icon Dainik Savera Times

विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने निगम अधिकारियों की लगाई ‘क्लास’, कहा : सवा 2 साल में कोई सुधार नहीं कर पाए

अमृतसर : केंद्रीय विधानसभा क्षेत्न से विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने निगम कार्यालय रंजीत एवेन्यू में निगम कमिश्नर हरप्रीत सिंह, एडिशनल कमिश्नर सुरेंद्र सिंह, सहायक कमिश्नर विशाल वधावन, निगरान इंजीनियर संदीप सिंह, निगरान इंजीनियर सुरजीत सिंह, एक्सियन सुनील महाजन, एमटीपी नरेंद्र शर्मा, एमटीपी मेहरबान सिंह, एटीपी परमजीत दत्ता, डीसीएफए मनु शर्मा और अन्य निगम अधिकारियों के साथ मीटिंग की। मीटिंग में विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने नगर निगम द्वारा शहर वासियों को दी जाने वाली मूलभुत सुविधाए न मिलने पर उसे सुधारने के लिए निगम अधिकारियों को निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पिछले सवा दो साल में हम कोई भी विशेष सुधार नहीं कर पाए। इसको सुधारने के लिए हमें कड़ी मेहनत करनी होगी। सफाई व्यवस्था ठीक करें : विधायक डॉ. गुप्ता ने कहा कि शहर विशेष कर वाॉल्ड सिटी में सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है। उन्होंने कहा कि श्री दरबार साहिब में प्रतिदिन 70 हजार से 1 लाख तक श्रद्धालु  माथा टेकने के लिए आते है। सफाई का बुरा हाल देखकर गुरुनगरी अमृतसर का अक्स खराब होता है।

उन्होंने कहा कि विशेष कर डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन करने वाली कंपनी का कार्य बिल्कुल भी ठीक नहीं है। उन्होंने निगम कमिश्नर से कहा कि कंपनी से किए गए कॉन्ट्रैक्ट के अनुसार जिन जिन नियमों का पालन नहीं कर रही, उन पर बनती कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि सफाई व्यवस्था के लिए नगर निगम और भी विकल्प आने वाले दिनों में अपनाए। दूषित पेयजल और सीवरेज की समस्या हल करें : विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने कहा कि केंद्रीय विधानसभा क्षेत्न में दूषित पेयजल जल और सीवरेज की भारी समस्या है। उन्होंने कहा कि इस समस्या का हल किया जाए।

उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द सीवरेज की डिसल्टिंग करवाई जाए। आने वाले दिनों में बरसात शुरू होने जा रही है। विधायक डॉ. गुप्ता ने कहा कि केंद्रीय विधानसभा क्षेत्न में दूषित पेयजल और सीवरेज की समस्या के लिए विस्तार पूर्वक आज लिख कर दे दिया गया है। उन्होंने कहा कि विकास कार्य के लिए फंड निगम कमिश्नर लेकर आएंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम अपने विभागों की आमदनी का लक्ष्य बढ़ाकर रेवेन्यू एकत्रित करें।

Exit mobile version