मोगाः आम आदमी पार्टी के 15वें स्थापना दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को मोगा जिले के गांव मटवाणी में आयोजित होने वाली विशाल ‘खुशहाल पंजाब रैली’ में पूरे पंजाब से बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। यह दावा फरीदकोट के विधायक गुरदित्त सिंह सेखों ने रैली स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लेने के दौरान किया। उन्होंने कहा कि यह रैली पंजाब के भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक सेखों ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के दिशा-निर्देशों के तहत सरकार ने पिछले साढ़े चार वर्षों में हर वर्ग की भलाई और राज्य के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। सरकार का उद्देश्य पंजाब को फिर से खुशहाल बनाना तथा युवाओं को नशे से दूर कर शिक्षा, खेल और रोजगार से जोड़ना है।

उन्होंने कहा कि पिछली पारंपरिक सरकारों ने 75 वर्षों तक पंजाब को विकास के मामले में पीछे रखा, जबकि मौजूदा सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, सड़क, खेल और रोजगार सहित प्रत्येक क्षेत्र में सुधार के प्रयास किए हैं। विरोधियों द्वारा रंगला पंजाब के संकल्प पर सवाल उठाने के संबंध में उन्होंने कहा कि पुराने स्कूलों की इमारतों का सुधार, खेल मैदानों का विकास और सरकारी बसों की हालत बेहतर करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने फरीदकोट के नेहरू स्टेडियम का उदाहरण देते हुए कहा कि वर्ष 1943 में बने इस स्टेडियम में बुनियादी सुविधाओं की कमी थी, जिसे दूर करने की दिशा में काम किया गया है।
विधायक ने दावा किया कि सरकार अब तक करीब 70 हजार युवाओं को बिना सिफारिश और पैसे के योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दे चुकी है। फरीदकोट मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस सीटें 125 से बढ़ाकर 250 करने तथा पीजी सीटों में भी वृद्धि का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों और गैंगस्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है।
बरगाड़ी और बहिबल कलां बेअदबी मामलों पर उन्होंने कहा कि संबंधित मामलों में चालान अदालतों में पेश किए जा चुके हैं और अब न्यायिक प्रक्रिया चल रही है। भाजपा की नशा मुक्ति यात्रा और कांग्रेस की नौजवान संभाल यात्रा पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि केवल यात्राएं निकालने से नशे की समस्या हल नहीं होगी, इसके लिए धरातल पर काम करना जरूरी है।
मावां-धीयां सत्कार योजना का बचाव करते हुए उन्होंने कहा कि इससे जरूरतमंद परिवारों की महिलाओं को आर्थिक सहारा मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनावों में भी आम आदमी पार्टी को जनता का भरपूर समर्थन मिलेगा। अंत में उन्होंने पंजाबवासियों से 26 नवंबर को गांव मटवाणी में होने वाली खुशहाल पंजाब रैली में बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की।
📍 Location: मोगा