पटियाला: पटियाला शहर के विकास को नई दिशा देते हुए विधायक अजीतपाल सिंह कोहली और मेयर कुंदन गोगिया ने आज वार्ड नंबर 48 और 49 में कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों का शुभारंभ किया। ये कार्य पुराने बस स्टैंड से रोज गार्डन होते हुए सरहंदी गेट तक किए जाएंगे। इस परियोजना का उद्देश्य शहर की परिवहन सुविधाओं में सुधार, सड़कों की मरम्मत और सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करना है। इस अवसर पर विधायक अजीतपाल सिंह कोहली ने कहा कि शहर के हर हिस्से का संतुलित विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर 48 और 49 के निवासियों की लंबे समय से चली आ रही माँग को ध्यान में रखते हुए इस परियोजना की शुरूआत की गई है।
उन्होंने कहा कि मेरा उद्देश्य है कि हर गली, हर मोहल्ला साफ-सुथरा और आधुनिक सुविधाओं से युक्त हो। विकास सिर्फ इमारतों तक सीमित नहीं है, बल्कि असली विकास लोगों की जीवनशैली में सुधार लाना है। इन विकास कार्यों में सड़कों की नई परतें बिछाना, जल निकासी व्यवस्था में सुधार, प्रकाश व्यवस्था में वृद्धि और हरित क्षेत्रों का विकास शामिल है। रोज गार्डन के आसपास की सुंदरता बढ़ाने के लिए भी एक विशेष योजना तैयार की गई है, जिससे लोगों को स्वस्थ और सुखद वातावरण मिलेगा।
इस अवसर पर अनेक स्थानीय नागरिकों ने शहर की वास्तविक आवश्यकताओं को प्राथमिकता देने के लिए विधायक कोहली का आभार व्यक्त किया। निवासियों ने कहा कि इन कार्यों से यातायात की समस्या कम होगी और शहर की रौनक बढ़ेगी। इस अवसर पर उनके साथ एसई राजिंदर चोपड़ा, एसडीओ राजदीप, वार्ड नंबर 48 से एमसी राजू साहनी, वार्ड नंबर 49 से नेहा सिद्धू के अलावा इलाका निवासी मौजूद थे।
ये भी पढ़ें : मिडिल ईस्ट में युद्ध के बीच भारत में सोने-चांदी के गिरे दाम, जानें क्या है ताजा रेट

