पंजाब डेस्क: पंजाब के लुधियाना और अमृतसर में शुक्रवार को ब्लैकआउट मॉक ड्रिल की जाएगी। यह अभ्यास रात 8:00 बजे से 8:15 बजे तक चलेगा, यानी कुल 15 मिनट तक कुछ इलाकों में बिजली बंद रहेगी।अमृतसर में यह ड्रिल रणजीत एवेन्यू स्थित पायटेक्स ग्राउंड के आसपास होगी, जबकि लुधियाना में पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (PAU) और अगर नगर PSPCL डिवीजन के तहत आने वाले इलाकों में इसे किया जाएगा।
ड्रिल शुरू होने से पहले, शाम करीब 7:55 बजे सायरन बजाया जाएगा और धार्मिक स्थलों से लोगों को अनाउंसमेंट के जरिए जानकारी दी जाएगी। सायरन बजते ही बिजली विभाग (PSPCL) संबंधित इलाकों की बिजली सप्लाई बंद कर देगा। इस दौरान लोगों से अपील की गई है कि वे सभी लाइटें बंद रखें और पूरी तरह ब्लैकआउट का पालन करें। यह अभ्यास किसी भी आपात स्थिति में तैयार रहने के लिए किया जा रहा है।
मॉक ड्रिल में कई एजेंसियां मिलकर काम करेंगी, जैसे, नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF), फायर ब्रिगेड, पुलिस विभाग, हेल्थ डिपार्टमेंट, सिविल डिफेंस, नगर निगम (म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन) और NCC। इस एक्सरसाइज का उद्देश्य यह देखना है कि असली इमरजेंसी में सभी विभाग कितनी तेजी और सही तरीके से काम कर सकते हैं।
प्रशासन ने लोगों से यह भी कहा है कि ड्रिल के दौरान जनरेटर, इन्वर्टर, टॉर्च, मोमबत्ती या माचिस का इस्तेमाल न करें, ताकि पूरा ब्लैकआउट सही तरीके से हो सके। यह एक सावधानी के तौर पर किया जाने वाला अभ्यास है, जिससे किसी भी अचानक आने वाली आपदा से निपटने की तैयारी मजबूत की जा सके। लोगों से सहयोग करने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई है।