
मोगा। श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब सरकार की ओर से करवाए जा रहे विशेष कार्यक्रमों के तहत मोगा जिले में चार दिवसीय ड्रोन शो का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर डिप्टी कमिश्नर मोगा सागर सेतिया ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर प्रबंधों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) जसपिंदर सिंह, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) कुलप्रीत सिंह, एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि जिले में होने वाले चारों ड्रोन शो को व्यवस्थित, सुरक्षित और प्रभावशाली ढंग से करवाने के लिए सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी की जाएं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक, पार्किंग, सुरक्षा, बिजली, साफ-सफाई तथा पीने के पानी के पर्याप्त प्रबंध किए जाएं। दर्शकों की आवाजाही सुचारू रखने के लिए उचित ट्रैफिक प्लान तैयार करने और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई। उन्होंने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को आपसी तालमेल के साथ पूरी जिम्मेदारी से ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार 15 सितंबर को दाना मंडी निहाल सिंह वाला, 16 सितंबर को संत बाबा गुरमेल सिंह ग्राउंड बाघापुराना, 17 सितंबर को दाना मंडी मोगा तथा 18 सितंबर को दाना मंडी धर्मकोट में ड्रोन शो करवाया जाएगा। ये कार्यक्रम शाम 6 से 8 बजे तक होंगे। ड्रोन शो के दौरान आधुनिक ड्रोन तकनीक, नरेशन और कहानी प्रस्तुति के माध्यम से श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन, शिक्षाओं तथा समानता, भाईचारे, दया और सामाजिक न्याय के संदेश को प्रस्तुत किया जाएगा।
डीसी सागर सेतिया ने कहा कि यह आयोजन केवल तकनीकी प्रस्तुति नहीं, बल्कि गुरु रविदास महाराज जी के मानव समानता, सम्मान और भाईचारे के महान संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अनूठा प्रयास है। उन्होंने जिले के लोगों से इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
📍 Location: मोगा
मेष: दिन शुभ रहेगा...