Site icon Dainik Savera Times

मोगा में धान सीजन को लेकर प्रशासन अलर्ट, बिजली से लेकर लिफ्टिंग तक व्यवस्थाओं की समीक्षा

मोगा: धान की आवक के सीजन को सुचारू ढंग से संपन्न करवाने तथा किसानों, आढ़तियों और मजदूरों को मंडियों में किसी भी प्रकार की परेशानी न आने देने के उद्देश्य से एस.डी.एम. मोगा सतविंदर सिंह ने आज सब-डिवीजन मोगा में प्रशासनिक अधिकारियों तथा आढ़ती एसोसिएशनों के अध्यक्षों/प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान मंडियों में आवश्यक बुनियादी ढांचे, बिजली आपूर्ति, सफाई, सड़कों, सुरक्षा, मेडिकल सहायता, लेबर, बारदाने, नमी की जांच, किसानों के भुगतान और धान की लिफ्टिंग सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान एस.डी.एम. ने पी.एस.पी.सी.एल. के अधिकारियों को मंडियों में बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पी.डब्ल्यू.डी. विभाग को मंडियों तक जाने वाली जिन सड़कों की मरम्मत की आवश्यकता है, उनकी तत्काल मरम्मत करवाने के लिए कहा गया, ताकि सीजन के दौरान वाहनों की आवाजाही में किसी प्रकार की बाधा न आए। नगर निगम के अधिकारियों को मंडियों में सफाई एवं सैनिटेशन के पुख्ता प्रबंध करने की हिदायत दी गई।

मंडियों में धान की आवक को सुचारू बनाने के लिए जिला मंडी अधिकारी को आवश्यक प्रबंधों की लगातार निगरानी करने तथा किसी भी समस्या के सामने आते ही उसे तुरंत उच्च अधिकारियों के ध्यान में लाने के लिए कहा गया। इसी प्रकार पुलिस विभाग को मंडियों में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। लीड बैंक मैनेजर को संबंधित बैंकों के साथ पहले से तालमेल कर भुगतान संबंधी संभावित समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को आवश्यकता के अनुसार मेडिकल सहायता तथा फायर विभाग को मार्केट कमेटियों द्वारा मांग किए जाने पर हर संभव सहयोग देने के निर्देश दिए गए।

आढ़ती एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों को अपनी-अपनी मंडियों में एंट्री प्वाइंट निर्धारित करने के लिए कहा गया, ताकि यातायात को सुचारू बनाने के साथ-साथ किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रभावी प्रबंध किए जा सकें।

बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों को धान की दैनिक आवक एवं लिफ्टिंग की रिपोर्ट नियमित रूप से भेजने तथा सभी निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version