Site icon Dainik Savera Times

मोगा: काली स्कॉर्पियो सवार हमलावरों ने बरसाईं गोलियां, दो युवकों की मौत

https://dainiksaveratimes.com/wp-content/uploads/2026/10/655561.mp4
https://dainiksaveratimes.com/wp-content/uploads/2026/10/655562.mp4

मोगा:  जिले के अंगदपुरा मोहल्ले में देर रात उस समय दहशत फैल गई, जब एक दुकान के बाहर बैठे चार युवकों पर काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर आए और अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस फायरिंग में चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान दो युवकों की मौत हो गई। एक युवक ने मोगा के निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की मौत लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में हुई। घटना के बाद इलाके में भय का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

दुकान के बाहर बैठे थे चार युवक

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अंगदपुरा मोहल्ले के रहने वाले साहिल, गगन और उनके दो अन्य साथी घर के नजदीक एक बंद दुकान के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर आए अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 15 से 20 राउंड फायर किए।

अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों की मदद से चारों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से दो युवकों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें लुधियाना रेफर किया गया था। हालांकि, उपचार के दौरान दो युवकों की मौत हो गई।

मृतक के भाई मनीष जिंदल ने बताया कि उसका भाई अपने तीन साथियों के साथ दुकान के बाहर बैठा हुआ था। इसी दौरान काली गाड़ी में आए अज्ञात लोगों ने उन पर गोलियां चला दीं, जिससे चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उसके भाई की किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि वारदात को अंजाम देने वाले आरोपितों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि परिवार को इंसाफ मिलना चाहिए और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

एसएसपी सरताज सिंह चहल ने परिवार से की बातचीत

घटना की सूचना मिलने के बाद मोगा के एसएसपी सरताज सिंह चहल मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से बातचीत की। पुलिस की ओर से घटनास्थल से जानकारी जुटाने के साथ-साथ हमलावरों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस फायरिंग के पीछे के कारणों का पता लगाने में भी जुटी हुई है।

फिलहाल वारदात के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। हमलावर कौन थे और उन्होंने युवकों पर फायरिंग क्यों की, इस संबंध में पुलिस जांच जारी है। घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत है, जबकि पीड़ित परिवार आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी और इंसाफ की मांग कर रहा है।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version