Last Updated: November 12, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोगा: बाघापुराना के 15 और धर्मकोट के 7 वार्डों में 28 नवंबर को होंगे उपचुनाव, चुनाव कार्यक्रम जारी

November 12, 2026

मोगा: बाघापुराना के 15 और धर्मकोट के 7 वार्डों में 28 नवंबर को होंगे उपचुनाव, चुनाव कार्यक्रम जारी

मोगा। नगर कौंसिल बाघापुराना और धर्मकोट के खाली पड़े वार्डों में दोबारा चुनाव करवाने के लिए राज्य चुनाव आयोग पंजाब की ओर से चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इसके तहत नगर कौंसिल बाघापुराना के 15 वार्डों और नगर कौंसिल धर्मकोट के 7 वार्डों के सदस्यों के चुनाव करवाए जाएंगे। दोनों नगर कौंसिलों के कुल 22 वार्डों में 28 नवंबर 2026 को मतदान होगा। यह जानकारी डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी मोगा सागर सेतिया ने दी।

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि चुनाव कार्यक्रम के अनुसार उम्मीदवार 13 नवंबर से 19 नवंबर तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन दाखिल करने का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। हालांकि, 14, 15 और 16 नवंबर को अवकाश होने के कारण इन दिनों नामांकन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच 20 नवंबर को होगी, जबकि उम्मीदवार 21 नवंबर को अपने नामांकन पत्र वापस ले सकेंगे। इसके बाद 28 नवंबर को सुबह निर्धारित समय पर मतदान करवाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि चुनाव लड़ने वाले प्रत्येक उम्मीदवार के लिए नामांकन पत्र के साथ निर्धारित हलफनामा जमा करवाना अनिवार्य होगा। यदि कोई उम्मीदवार किसी राजनीतिक पार्टी की ओर से चुनाव लड़ता है तो उसे संबंधित पार्टी का आधिकारिक प्राधिकरण पत्र भी जमा करवाना होगा। उम्मीदवारों के केवाईसी (KYC) संबंधी विवरण जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे, ताकि मतदाता उम्मीदवारों की जानकारी हासिल कर सकें।

27 मतदान केंद्रों पर होगा मतदान

सागर सेतिया ने बताया कि नगर कौंसिल बाघापुराना के 15 वार्डों के लिए कुल 20 पोलिंग बूथ स्थापित किए गए हैं, जबकि नगर कौंसिल धर्मकोट के 7 वार्डों के लिए 7 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इस प्रकार दोनों नगर कौंसिलों में कुल 27 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) के माध्यम से संपन्न करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि राज्य चुनाव आयोग की ओर से नगर कौंसिल सदस्य का चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के लिए चुनाव खर्च की अधिकतम सीमा 2.30 लाख रुपये निर्धारित की गई है। सभी उम्मीदवारों को चुनाव प्रचार और अन्य गतिविधियों के दौरान निर्धारित खर्च सीमा का पालन करना होगा।

हाईकोर्ट की निगरानी में होगी चुनाव प्रक्रिया

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की ओर से इन दोबारा चुनावों की पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए एक निगरानी समिति का गठन किया गया है। संबंधित चुनाव क्षेत्रों में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो चुकी है। जिला प्रशासन की ओर से चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। उन्होंने संबंधित वार्डों के मतदाताओं से अपील की कि वे लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए चुनाव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें