Last Updated: November 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

बाघापुराना नगर परिषद चुनाव: 67 उम्मीदवारों ने दाखिल किए नामांकन पत्र, 28 नवंबर को होगा मतदान

November 19, 2026

बाघापुराना नगर परिषद चुनाव: 67 उम्मीदवारों ने दाखिल किए नामांकन पत्र, 28 नवंबर को होगा मतदान

बाघापुराना/मोगा: नगर परिषद बाघापुराना के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनावी मैदान में उतरने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों में खासा उत्साह देखने को मिला। नगर परिषद चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इस दौरान कुल 67 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं। इनमें आम आदमी पार्टी और शिरोमणि अकाली दल के 16-16, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 15, भारतीय जनता पार्टी के 10 तथा 10 निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं। अब सभी राजनीतिक दलों की नजरें नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापस लेने की प्रक्रिया पर टिकी हुई हैं।

इस संबंध में जानकारी देते हुए एसडीएम निहाल सिंह वाला कम रिटर्निंग अधिकारी गगनदीप सिंह ने बताया कि नगर परिषद चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई है। सभी राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों और निर्दलीय प्रत्याशियों ने पूरे उत्साह के साथ अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी और शिरोमणि अकाली दल की ओर से एक-एक कवरिंग उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में उतारा गया है। उन्होंने बताया कि 20 नवंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) की जाएगी। इसके बाद 21 नवंबर नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव मैदान में रह जाने वाले उम्मीदवारों की अंतिम तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी। नगर परिषद चुनाव के लिए 28 नवंबर 2026 को मतदान करवाया जाएगा।

एसडीएम गगनदीप सिंह ने कहा कि प्रशासन की ओर से पूरी नामांकन प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाई गई है। इस दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकने के लिए पुलिस विभाग की ओर से तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। नामांकन प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ वीडियोग्राफी भी करवाई गई, ताकि पूरी प्रक्रिया का रिकॉर्ड सुरक्षित रहे और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि नगर परिषद चुनाव लोकतंत्र की जमीनी इकाई को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक को बिना किसी डर, दबाव या लालच के अपने मताधिकार का इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदाता अपनी पसंद के उम्मीदवार को वोट दें और शहर में आपसी भाईचारे तथा शांति का माहौल बनाए रखें।

पुलिस ने बढ़ाई चौकसी, शरारती तत्वों पर रहेगी पैनी नजर

चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीएसपी जसविंदर सिंह खैहरा ने कहा कि नगर परिषद चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से करवाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए पुलिस प्रशासन की ओर से पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। क्षेत्र में जरूरत के अनुसार पुलिस बल तैनात किया गया है और आने वाले दिनों में भी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि एसएसपी मोगा की ओर से अतिरिक्त पुलिस बल भी उपलब्ध करवाया गया है। पुलिस की विभिन्न टीमें लगातार इलाके में गश्त कर रही हैं तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस 24 घंटे सतर्क है।

डीएसपी खैहरा ने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की गुंडागर्दी, धमकी, मारपीट या मतदाताओं और उम्मीदवारों पर दबाव बनाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई शरारती तत्व किसी मतदाता को डराने, धमकाने या अपनी पसंद के उम्मीदवार के पक्ष में वोट डालने के लिए मजबूर करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि पिछले चार दिनों से चल रही नामांकन प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई है। पुलिस प्रशासन की ओर से आगे भी इसी तरह सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जाएगी।

डीएसपी ने शहरवासियों को भरोसा दिलाया कि प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा पुलिस की जिम्मेदारी है। किसी भी मतदाता को अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने या अपनी पसंद के उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने से डरने की जरूरत नहीं है। पुलिस हर स्तर पर लोगों की सहायता के लिए उपलब्ध रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि चुनाव के दौरान अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि 28 नवंबर को मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और बिना किसी भय के संपन्न करवाया जा सके।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें