Site icon Dainik Savera Times

कपानी की 100वीं जयंती पर मोगा में सजी विज्ञान प्रदर्शनी

Moga Celebrates 100th Birth Anniversary of Fiber Optics  : मोगा। फाइबर ऑप्टिक्स के जनक महान वैज्ञानिक नरेंद्र सिंह कपानी की 100वीं जयंती पर मोगा में दो दिवसीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। 40 स्कूलों के विद्यार्थी वैज्ञानिक मॉडल और नवाचारों के जरिए अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। डीसी सागर सेतिया ने कपानी की स्मृति में मोगा में अत्याधुनिक लाइब्रेरी स्थापित करने की घोषणा की।

इस प्रदर्शनी में जिले के लगभग 40 स्कूलों के विद्यार्थी अपने वैज्ञानिक मॉडलों, नवीन विचारों और शोध परियोजनाओं के साथ भाग ले रहे हैं। प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने कहा कि नरेंद्र सिंह कपानी ने अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा और खोजों के माध्यम से न केवल भारत, बल्कि पूरी दुनिया में मोगा का नाम रोशन किया है। उनकी जीवन यात्रा युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि ऐसे महान वैज्ञानिकों को याद करने का वास्तविक उद्देश्य युवाओं में अनुसंधान, नवाचार और वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करना है।

डिप्टी कमिश्नर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे प्रत्येक बात को तर्क की कसौटी पर परखें, सवाल पूछें और नई चीजें सीखने की जिज्ञासा बनाए रखें। वैज्ञानिक सोच ही नए विचारों और आविष्कारों का आधार बनती है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा ऐसे प्रयासों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और विज्ञान से जुड़ने के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। श्री सेतिया ने यह भी कहा कि डॉ. कपानी न केवल मोगा, बल्कि पंजाब और पूरे देश का गौरव हैं। उनकी स्मृति में मोगा में जल्द ही एक अत्याधुनिक लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी, जिससे कि बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित की जा सके। इस अवसर पर राज सिंह कपानी ने अमेरिका से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समारोह में शिरकत की।

उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा अपने पिता की 100वीं जयंती को समर्पित विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित करने और युवाओं में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। समारोह के दौरान नरेंद्र सिंह कपानी के जीवन, उनकी खोजों और विज्ञान के क्षेत्र में उनके योगदान पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई। उल्लेखनीय है कि उन्हें वर्ष 2021 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया और विभिन्न मॉडलों के माध्यम से वैज्ञानिक खोजों एवं नवाचारों को प्रदर्शित किया।

इसके अलावा, गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के विभागाध्यक्षों प्रो. एम. एल. सिंह और अतुल खन्ना सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों को प्रदर्शनी के दौरान दिए गए योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया। समारोह के दौरान गांव घोलिया खुर्द की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए छोटे रोबोट विशेष आकर्षण का केंद्र बने। इन रोबोटों को प्रमुख हस्तियों को भेंट किया गया। इसके अतिरिक्त, स्वागत द्वार पर महिला के रूप में तैयार रोबोट ने समारोह में पहुंचने वाले अतिथियों का स्वागत किया, जिसने सभी का मन मोह लिया।

इस अवसर पर एसएसपी मोगा सरताज सिंह चाहल ने कहा कि जिला प्रशासन का यह प्रयास नरेंद्र सिंह कपानी की वैज्ञानिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और मोगा को विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) जसपिंदर सिंह, विशेष कार्य अधिकारी (शहरी विकास) मोगा हर्षिता शर्मा, एसडीएम मोगा सतविंदर पाल सिंह सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।

Exit mobile version