मोगा: भारत की पहली डिजिटल जनगणना-2027 के तहत नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। इसके अंतर्गत नागरिक 16 नवंबर से 30 नवंबर, 2026 तक घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारी दर्ज करवा सकेंगे। इस संबंध में अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने और जनगणना प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष कार्य अधिकारी (शहरी विकास) हर्षिता शर्मा द्वारा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विशेष बैठक की गई।
बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना-2027 के संबंध में प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता गतिविधियों को तेज किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने-अपने स्तर पर लोगों तक स्व-गणना प्रक्रिया की जानकारी पहुंचाएं और उन्हें इस डिजिटल सुविधा का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करें, ताकि जनगणना की प्रक्रिया को सुचारू एवं प्रभावी ढंग से संपन्न किया जा सके।
इस संबंध में हर्षिता शर्मा ने बताया कि जनगणना की प्रक्रिया को और अधिक सरल, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पहली बार डिजिटल तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। स्व-गणना की सुविधा के माध्यम से नागरिक निर्धारित अवधि के दौरान अपनी सुविधानुसार अपने परिवार की जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि स्व-गणना के लिए विशेष ऑनलाइन पोर्टल *[https://se.census.gov.in तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से नागरिक अपने परिवार की आवश्यक जानकारी दर्ज कर सकते हैं। जानकारी सफलतापूर्वक जमा होने के बाद एक विशेष स्व-गणना आईडी जारी की जाएगी। नागरिकों को इस आईडी को संभालकर रखना होगा और बाद में घर-घर आने वाले जनगणना कर्मचारियों के साथ साझा करना होगा, ताकि ऑनलाइन दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन किया जा सके।
उन्होंने जिले के निवासियों से अपील की कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और जनगणना-2027 की प्रक्रिया में अपना सक्रिय सहयोग दें।
📍 Location: मोगा

