Site icon Dainik Savera Times

Moga News: कांग्रेस नेता की हत्या मामला, विदेश में बैठे गैंगस्टर ने ली जिम्मेदारी, 7 के खिलाफ FIR दर्ज

Moga Congress leader murder case

Moga Congress leader murder case

पंजाब डेस्क: मोगा जिले के धर्मकोट विधानसभा क्षेत्र के भिंडर कलां गांव में कांग्रेस पार्टी के पूर्व सदस्य उमर सर सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले में नया अपडेट सामने आया है। बता दें कि घटना के कुछ घंटे बाद विदेशी गैंगस्टर मनी भिंडर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। हालांकि, पुलिस ने इस पोस्ट की पुष्टि अभी तक नहीं की है।

घर के पास हुई घटना

जानकारी के मुताबिक, उमर सर सिंह शनिवार सुबह अपने काम पर जाने के लिए कार में घर से निकले थे। जैसे ही वे अपने घर से लगभग 500 मीटर दूर पहुंचे, अज्ञात हमलावरों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मारकर रोका और कार में सवार उमर सर सिंह पर गोलियां चलाना शुरू कर दिया। हमलावरों ने करीब 10 से 15 गोलियां चलाईं, जिससे उमर सर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

उमर सर सिंह मोगा में नेस्ले इंडिया लिमिटेड में कार्यरत थे और वर्कर्स यूनियन के प्रेसिडेंट भी रह चुके थे। इसके अलावा, वे पहले पंचायत मेंबर भी रह चुके हैं और कांग्रेस पार्टी से सक्रिय रूप से जुड़े थे।

राजनीतिक विवाद की आशंका

पिछले साल हुए ब्लॉक समिति चुनाव में उमर सर सिंह ने अपनी भाभी वीरपाल कौर को कांग्रेस पार्टी की ओर से चुनाव लड़ाया था, और वह जीत गई थी। मृतक के परिवार का कहना है कि हत्या का पीछे का कारण इस चुनाव से जुड़ी राजनीतिक रंजिश हो सकती है।

पुलिस ने सात लोगों पर FIR दर्ज की

पुलिस ने परिवार के बयानों के आधार पर गांव के सरपंच इंदरपाल सिंह समेत सात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। DSP जसविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है और सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता की भी जाँच की जा रही है।

ये भी पढ़ें: ChatGPT बना फिटनेस कोच, सिर्फ 3 महीने में युवक ने ऐसे घटाया 27 किलो वजन

परिवार और गांव में तनाव

उमर सर सिंह अपने पीछे 13 साल का बेटा और 6 साल की बेटी छोड़ गए हैं। हत्या की घटना के बाद भिंडर कलां गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

Exit mobile version