Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोगा में नशे की सप्लाई पर वार, 63 ग्राम हेरोइन बरामद, चार पर NDPS एक्ट में केस

October 1, 2026

मोगा में नशे की सप्लाई पर वार, 63 ग्राम हेरोइन बरामद, चार पर NDPS एक्ट में केस

मोगा: जिले में नशे की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोगा पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए चार मामलों में कुल 63 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने इन मामलों में दो पुरुषों और दो महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किए हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ कर हेरोइन की सप्लाई के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

समालसर थाना पुलिस ने वैरोके रोड पर नहर की पटरी के पास गश्त के दौरान राजेआणा निवासी सुखदीप सिंह उर्फ मिंटू को 8 ग्राम हेरोइन समेत गिरफ्तार किया। सहायक थानेदार मनजिंदर सिंह के अनुसार पुलिस टीम संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान शक के आधार पर युवक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें पारदर्शी मोमी लिफाफे से हेरोइन बरामद हुई।

इसी तरह थाना बधनी कलां पुलिस ने गांव रामा क्षेत्र में चक्कर रोड के पास गश्त के दौरान सरबजीत कौर उर्फ निंको निवासी गांव महिता, जिला बरनाला, हाल निवासी चक्कर रोड, गांव रामा को 20 ग्राम हेरोइन समेत गिरफ्तार किया। सहायक थानेदार कंवलदीप सिंह मामले की जांच कर रहे हैं।

थाना मेहना पुलिस ने रात करीब 10 बजे चोरस्ता पुल सुआ, गांव मेहना के पास गश्त के दौरान तखानवध निवासी हरजिंदर सिंह उर्फ गग्गू को 10 ग्राम हेरोइन समेत काबू किया। मामले की जांच सहायक थानेदार करमजीत कौर कर रही हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर सप्लाई के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।

वहीं थाना सिटी साउथ मोगा पुलिस ने कोटकपूरा रोड बाइपास पुल के नीचे कार्रवाई करते हुए साधांवाली बस्ती निवासी करमजीत कौर को 25 ग्राम हेरोइन समेत गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार महिला से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि नशीला पदार्थ उसे कहां से मिला और इसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका है या नहीं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार चारों मामलों में कुल 63 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। पुलिस का कहना है कि नशे की सप्लाई से जुड़े लोगों तक पहुंचने के लिए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें