Site icon Dainik Savera Times

Moga: शादी समारोह में डीजे पर गाने लगाने को लेकर विवाद, युवक से मारपीट

मोगा: शहर मोगा थाना पुलिस ने शादी समारोह के दौरान डीजे पर गाना लगाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक से कथित मारपीट करने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस को दी शिकायत में सिंघावाला निवासी अरशप्रीत सिंह ने बताया कि उसके दोस्त कुलदीप सिंह के साले की शादी थी। शादी समारोह में कुलदीप सिंह ने उसे भी आमंत्रित किया था। शिकायतकर्ता के अनुसार समारोह के दौरान डीजे पर गाने बजाए जा रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद आरोपियों ने कथित तौर पर अपनी मर्जी से गाने लगाने शुरू कर दिए। जब उसके दोस्त कुलदीप सिंह ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ कथित तौर पर हाथापाई शुरू कर दी।

शिकायतकर्ता ने बताया कि घटना को देखते हुए वह अपने दोस्त को बचाने के लिए आगे आया। आरोप है कि आरोपियों ने कुलदीप सिंह को छोड़कर शिकायतकर्ता को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शिकायतकर्ता के अनुसार उसे धक्का देकर जमीन पर गिराया गया और कथित तौर पर उसके साथ भी मारपीट की गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया।

मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर विक्की पुत्र अमरजीत सिंह, आकाशदीप सिंह पुत्र जोगिंदर सिंह, रवि पुत्र जगसीर सिंह, साबा पुत्र सुखी निवासी सुखेवाला, जिला फिरोजपुर तथा सतनाम सिंह पुत्र नामालूम निवासी साफूवाला, जिला मोगा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े तथ्यों, प्रत्यक्षदर्शियों तथा अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version