Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोगाः बुजुर्ग दंपती ने लूट की कोशिश को किया नाकाम, एक आरोपी दबोचा, 2 फरार

September 23, 2026

मोगाः बुजुर्ग दंपती ने लूट की कोशिश को किया नाकाम, एक आरोपी दबोचा, 2 फरार

मोगा: जिले में बुजुर्ग दंपती से कथित लूट की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना से संबंधित एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो में बुजुर्ग दंपती युवकों का सामना करते नजर आ रहे हैं। दंपती ने हिम्मत दिखाते हुए एक युवक को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि उसके 2 साथी फरार होने में सफल रहे।

जानकारी के अनुसार घोलिया कलां निवासी सरदार बलविंदर सिंह बिंदर अपनी पत्नी के साथ निजी काम से घोलिया की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि जब वे काले से आगे घोलिया चौक के पास पहुंचे तो 3 युवकों ने कथित तौर पर उन्हें रास्ते में घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने दंपती से करीब 20 हजार रुपये की नकदी और कुछ पहचान संबंधी दस्तावेज छीन लिए।

घटना के दौरान बुजुर्ग दंपती ने घबराने के बजाय युवकों का सामना किया। दोनों ने मिलकर एक युवक को पकड़ लिया और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार पकड़े गए युवक की पहचान राजदीप सिंह उर्फ राजू के रूप में हुई है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में दो अन्य युवकों के भी घटना में शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस ने फरार आरोपियों की पहचान जगतार सिंह निवासी फुलियाला और गुरविंदर सिंह फूलेवाला से संबंधित एक अन्य युवक के रूप में बताई है।

मामले की जांच एएसआई हरमेश लाल द्वारा की जा रही है। पुलिस के अनुसार मामले में धारा 39-बी के तहत कार्रवाई की गई है। फरार आरोपियों की तलाश में विभिन्न स्थानों पर जांच की जा रही है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बुजुर्ग दंपती की हिम्मत की चर्चा हो रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होगी।

📍 Location: बाघा पुराना

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें