मोगाः जिला पुलिस ने नशा तस्करी के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से नशीली गोलियां और हेरोइन बरामद की है।
थाना सिटी-1 के हवलदार सुरिंदर पाल सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर रेलवे लाइन नेचर पार्क साइड, मोगा के नजदीक से पवन कुमार निवासी सोढ़ी नगर, जीरा रोड, मोगा को 115 नशीली गोलियों सहित गिरफ्तार किया गया।
थाना बधनी कलां के हेड कांस्टेबल कंवलदीप सिंह ने बताया कि गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर जसवंत सिंह उर्फ राजा निवासी बधनी कलां की तलाशी ली गई। इस दौरान उसके कब्जे से 10 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसी थाने के सब-इंस्पेक्टर परमिंदर सिंह ने बताया कि गांव लोपो में गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सा निवासी बधनी कलां की तलाशी ली गई। उसके कब्जे से 100 प्रतिबंधित गोलियां और 50 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
वहीं, थाना अजीतवाल के हवलदार गुरदीप सिंह ने बताया कि दाना मंडी अजीतवाल के नजदीक गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर जगदीप सिंह उर्फ दीपू निवासी धूड़कोट चढ़त सिंह की तलाशी ली गई। उसके कब्जे से 13 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने चारों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
📍 Location: मोगा

