
मोगा: जिले के गांव मुबारकपुर ओगड़ में खेत में वट्ट गलत डालने को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति पर तेजधार हथियारों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। थाना कोटईसे खां की पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर पिता-पुत्र समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
इस संबंधी जानकारी देते हुए जांच अधिकारी सहायक थानेदार यादविंदर सिंह ने बताया कि अमरजीत सिंह पुत्र बलदेव सिंह निवासी गांव मुबारकपुर ओगड़ ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उसका गांव के ही कुछ लोगों के साथ खेत में वट्ट गलत डालने को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने उसे रास्ते में घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने तेजधार हथियारों से उस पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले के दौरान उसके शरीर पर कई चोटें आईं। घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां उसका उपचार किया गया।
पुलिस के अनुसार, शिकायत में अमरजीत सिंह ने हमले के लिए जसपरम सिंह पुत्र नछत्तर सिंह, गुरसेवक सिंह पुत्र जसपरम सिंह, सुखबीर सिंह पुत्र ज्ञान सिंह, जुगराज सिंह पुत्र नछत्तर सिंह और राजविंदर सिंह पुत्र नछत्तर सिंह, सभी निवासी गांव मुबारकपुर ओगड़, को जिम्मेदार ठहराया है।
जांच अधिकारी सहायक थानेदार यादविंदर सिंह ने बताया कि अमरजीत सिंह के बयानों के आधार पर उक्त पांचों आरोपियों के खिलाफ थाना कोटईसे खां में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और नामजद आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
📍 Location: कोटईसे
मेष: दिन शुभ रहेगा...