moga-dazzles-with-drone-show-on-guru-ravidas-jayanti : मोगा। रात के अंधेरे में रोशनी से सजा आसमान जब श्री गुरु रविदास महाराज जी की भक्ति और संदेशों की अद्भुत झलक दिखाने लगा तो सरकारी आईटीआई मोगा का परिसर श्रद्धा और उत्साह से गूंज उठा। श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब सरकार के विशेष आयोजनों के तहत शुक्रवार रात हुए भव्य ड्रोन शो ने सैकड़ों रोशन ड्रोन से आसमान पर मनमोहक आकृतियां और दृश्य उकेरकर संगत व शहरवासियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
आधुनिक तकनीक के माध्यम से श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन, बाणी और महान विचारधारा को प्रदर्शित करते हुए समानता, सांझीवालता, भाईचारे, दया और मानव सम्मान का संदेश दिया गया। ड्रोन शो के दौरान आसमान में रोशनी से उभरी आकृतियों ने गुरु जी की शिक्षाओं को बेहद प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। रंग-बिरंगी रोशनियों के साथ आसमान में बने विभिन्न दृश्य देखते ही देखते लोगों के लिए विशेष आकर्षण बन गए। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने मोबाइल फोन से इन मनमोहक दृश्यों को कैमरे में कैद किया।
आधुनिक तकनीक के जरिए गुरु जी की विचारधारा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के इस प्रयास को युवाओं ने भी काफी उत्साह के साथ देखा। समारोह के दौरान ढाडी जत्थे द्वारा ढाडी वारों के माध्यम से श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन, उनकी शिक्षाओं तथा समानता और भाईचारे के संदेश को प्रस्तुत किया गया। ढाडी वारों की गूंज और खुले आकाश में चमकती रोशन आकृतियों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। इस अवसर पर मोगा विधानसभा क्षेत्र की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा, मेयर विनयपाल कौर, एस.एस.पी. सरताज सिंह चहल, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर जसपिंदर सिंह, एस.डी.एम. सतविंदरपाल रणीके सहित विभिन्न नेता, धार्मिक हस्तियां, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी की बाणी संपूर्ण मानवता को समानता, भाईचारे और आपसी सम्मान का संदेश देती है।
उन्होंने कहा कि गुरु जी की महान विचारधारा आज भी समाज को एकता और मानवता के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि ड्रोन शो जैसे आधुनिक और अनूठे माध्यमों के जरिए गुरु जी की शिक्षाओं को नई पीढ़ी तक प्रभावशाली ढंग से पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी का जीवन और उनकी बाणी मानवता को समानता, सांझीवालता और सम्मान के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देती है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...