Last Updated: October 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोगा: वार्ड नंबर 49 में विकास कार्यों को मिली नई रफ्तार, 49.77 लाख रुपये से बनेंगी इंटरलॉक गलियां

October 18, 2026

मोगा: वार्ड नंबर 49 में विकास कार्यों को मिली नई रफ्तार, 49.77 लाख रुपये से बनेंगी इंटरलॉक गलियां

मोगा: विधानसभा क्षेत्र मोगा के वार्ड नंबर 49 स्थित न्यू दशमेश नगर में विकास कार्यों को नई रफ्तार देते हुए करीब 49 लाख 77 हजार रुपये की लागत से इंटरलॉक गलियों के निर्माण कार्य की शुरुआत करवाई गई। हल्का मोगा की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने सीनियर डिप्टी मेयर राकेश बजाज और वार्ड पार्षद राज कुमार मखीजा की मौजूदगी में निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इन गलियों के निर्माण से क्षेत्रवासियों को लंबे समय से पेश आ रही परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है और लोगों का आवागमन सुगम होगा।

इस अवसर पर विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि हल्का मोगा के प्रत्येक वार्ड का सर्वांगीण विकास करवाना उनकी प्राथमिकता है। आम आदमी पार्टी की सरकार शहर के सभी क्षेत्रों में बिना किसी भेदभाव के बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें, स्वच्छ पेयजल और सुचारू सीवरेज व्यवस्था शहरवासियों की प्रमुख जरूरतें हैं, जिन्हें पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि न्यू दशमेश नगर की गलियों के निर्माण से स्थानीय निवासियों के साथ-साथ यहां से गुजरने वाले लोगों को भी सुविधा मिलेगी। लंबे समय से जर्जर रास्तों के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र की सड़कों की स्थिति में सुधार आएगा।

विधायक ने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि गलियों के निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर काम पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि मोगा शहर को सुंदर और विकसित बनाने के लिए विकास परियोजनाओं को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है।

इस मौके पर सीनियर डिप्टी मेयर राकेश बजाज और पार्षद राज कुमार मखीजा ने वार्ड में विकास कार्य शुरू करवाने के लिए विधायक का आभार जताया। वहीं, स्थानीय निवासियों ने भी इस पहल का स्वागत किया। कार्यक्रम में वार्ड निवासी, गणमान्य व्यक्ति और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें