
मोगा: पंजाब राज्य चुनाव आयोग की ओर से जिला मोगा की नगर कौंसिल धर्मकोट और बाघापुराना के आगामी चुनावों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए पुलिस ऑब्जर्वर की नियुक्ति की गई है। आयोग की ओर से श्री हरप्रीत सिंह, आईपीएस, डीआईजी, ईओडब्ल्यू, विजिलेंस ब्यूरो, पंजाब को इन दोनों नगर कौंसिल चुनावों के लिए पुलिस ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति का मुख्य उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा प्रबंधों को मजबूत बनाए रखना और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर लगातार निगरानी रखना है।
पंजाब राज्य चुनाव आयोग की ओर से जारी आदेशों के अनुसार पुलिस ऑब्जर्वर हरप्रीत सिंह चुनाव प्रक्रिया के दौरान पुलिस बल की तैनाती, सुरक्षा प्रबंधों और कानून-व्यवस्था से संबंधित व्यवस्थाओं की विशेष निगरानी करेंगे। इसके अलावा चुनावों को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न करवाने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से किए जा रहे प्रबंधों का जायजा भी लेंगे। चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करना भी उनकी जिम्मेदारी होगी।
पुलिस ऑब्जर्वर चुनाव ऑब्जर्वर तथा सिविल और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाएंगे, ताकि चुनाव आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जा सके। चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई के लिए समन्वय किया जाएगा। गौरतलब है कि नगर कौंसिल धर्मकोट और बाघापुराना के चुनावों के लिए 28 नवंबर 2026 को मतदान करवाया जाएगा। मतदान का समय सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन की ओर से भी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।
शिकायतों के लिए सीधे कर सकते हैं संपर्क
पंजाब राज्य चुनाव आयोग की ओर से आम जनता और राजनीतिक पार्टियों की सुविधा के लिए पुलिस ऑब्जर्वर का संपर्क नंबर और ई-मेल भी जारी किया गया है। चुनावों से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत, चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन या चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी के लिए लोग पुलिस ऑब्जर्वर हरप्रीत सिंह से सीधे संपर्क कर सकते हैं। पुलिस ऑब्जर्वर का संपर्क नंबर 98144-32144 और ई-मेल [email protected] जारी किया गया है।
जिला प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि धर्मकोट और बाघापुराना नगर कौंसिल चुनावों को शांतिपूर्ण, स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा एवं प्रशासनिक प्रबंधों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी, ताकि मतदाता बिना किसी डर या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
📍 Location: मोगा
मेष: दिन शुभ रहेगा...