Site icon Dainik Savera Times

मोगा में कपड़े खरीदने को लेकर विवाद, दुकानदार और कर्मचारी पर चाकू से हमला; दो आरोपी गिरफ्तार

मोगा: मेन बाजार स्थित सोनू गारमेंट्स की दुकान पर कपड़े खरीदने को लेकर हुए विवाद के बाद दुकानदार और उसके कर्मचारी पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो युवकों ने अपने साथ आई तीन लड़कियों के साथ मिलकर पहले दुकानदार के साथ बहस की और बाद में अपने साथी के साथ स्कूटी पर सवार होकर दोबारा दुकान पर पहुंचे। इस दौरान आरोपियों ने दुकानदार और उसके कर्मचारी के साथ मारपीट की तथा चाकू से वार कर उन्हें घायल कर दिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस को दर्ज करवाए बयान में मदन लाल निवासी गली नंबर-8, सरदार नगर, मोगा ने बताया कि उसकी मेन बाजार में सोनू गारमेंट्स नाम से कपड़ों की दुकान है। 3 नवंबर को करीब दोपहर 1:30 बजे आरोपी सौरव अपने साथ तीन लड़कियों को लेकर उसकी दुकान पर आया था। इस दौरान कपड़े खरीदने को लेकर उसकी आरोपियों के साथ बहस हो गई।

शिकायतकर्ता के अनुसार, कुछ समय बाद आरोपी सौरव और साहिल स्कूटी नंबर पीबी-10-डीई-9092 पर सवार होकर दोबारा दुकान पर पहुंचे। दोनों ने कथित तौर पर मिलकर दुकानदार मदन लाल और उसके कर्मचारी बंटी के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें चोटें पहुंचाने और जान से मारने की नीयत से चाकू से वार किए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी स्कूटी पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद घायल मदन लाल को उपचार के लिए सिविल अस्पताल मोगा में भर्ती करवाया गया। पुलिस थाना सिटी साउथ मोगा ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 109, 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सौरव पुत्र खेम चंद निवासी गली नंबर-3, हरिजन कॉलोनी, मोगा और साहिल पुत्र विद्या सागर निवासी परवाना नगर, मोगा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version