मोगा। थाना बाघापुराना के अंतर्गत आते गांव राजेआणा में जमीन के पानी को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप धारण कर लिया। इस दौरान कुछ लोगों ने एक व्यक्ति और उसकी मां पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोप है कि हमलावर तीन मोटरसाइकिलों और एक ब्रीजा कार में सवार होकर आए थे। उन्होंने मां-बेटे की मारपीट की और हथियारों से चोटें पहुंचाने के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पांच नामजद आरोपियों सहित 3-4 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में गांव राजेआणा खुर्द निवासी सुखमंदर सिंह पुत्र गुरबचन सिंह ने बताया कि वह अपनी मां शिंदरपाल कौर के साथ मौजूद था। इसी दौरान आरोपी करमजीत सिंह पुत्र केवल सिंह, सिमरनजीत सिंह पुत्र परमजीत सिंह, केवल सिंह पुत्र गुरदयाल सिंह, अंग्रेज सिंह पुत्र गुरबख्श सिंह और हरमन सिंह पुत्र सीऊ सिंह निवासी गांव राजेआणा तथा उनके साथ 3-4 अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंच गए।
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी तीन मोटरसाइकिलों और एक ब्रीजा कार पर सवार होकर आए थे। उन्होंने आते ही उसके और उसकी मां के साथ मारपीट शुरू कर दी तथा हथियारों से वार कर उन्हें घायल कर दिया। शोर-शराबा होने पर आरोपी हथियारों सहित मौके से फरार हो गए। इसके बाद घायल मां-बेटे को उपचार के लिए सिविल अस्पताल मोगा में भर्ती करवाया गया।
सुखमंदर सिंह ने पुलिस को बताया कि विवाद की वजह जमीन के पानी को लेकर पुरानी रंजिश है। आरोप है कि आरोपियों ने उसके चाचा की ठेके पर ली गई जमीन में उसके हिस्से के पानी का उपयोग किया था, जिस कारण दोनों पक्षों के बीच पहले भी झगड़ा हुआ था।
पुलिस ने 7 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं 118(1), 115(2), 190 और 191(3) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
📍 Location: बाघापुराना

