
मोगा: पंजाब सरकार द्वारा नशों के खात्मे के लिए चलाई जा रही मुहिम ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध ’ के तहत जिला मोगा में नशों की आपूर्ति रोकने और दवाइयों की अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए ड्रग कंट्रोल विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उपायुक्त सागर सेतिया के दिशा-निर्देशों के अनुसार विभाग द्वारा दवाइयों की बिक्री से संबंधित प्रतिष्ठानों की जांच, नियमों का पालन सुनिश्चित करने और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
ड्रग कंट्रोल विभाग द्वारा 1 मार्च 2025 से 30 सितंबर तक कुल 1,734 निरीक्षण किए गए। इसके अतिरिक्त, जब्ती से संबंधित 18 कार्रवाई की गईं, जिनमें 16 लाइसेंसधारी और 2 बिना लाइसेंस वाले मामले शामिल थे। नियमों के उल्लंघन के मामलों में दवाइयों की बिक्री के 40 लाइसेंस निलंबित किए गए और 5 लाइसेंस रद्द किए गए। विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार, 31,61,576 रुपये की राशि भी दर्ज की गई है। इसके अलावा, नशीले पदार्थों और अन्य संबंधित कानूनी उल्लंघनों के मामलों में एनडीपीएस अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 के तहत कुल 7 एफआईआर दर्ज की गईं।
उपायुक्त सागर सेतिया ने कहा कि पंजाब सरकार की ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ मुहिम का मुख्य उद्देश्य नशों की आपूर्ति को रोकना, नशा तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना तथा युवाओं को नशों के दुष्प्रभावों से बचाना है। उन्होंने कहा कि दवाइयों की बिक्री से संबंधित नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लिया जा रहा है। नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभाग को निगरानी और जांच की प्रक्रिया लगातार जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
उपायुक्त ने कहा कि दवाइयों की बिक्री केवल निर्धारित कानूनी नियमों के अनुसार ही होनी चाहिए। किसी भी प्रकार की अवैध बिक्री या नियमों का उल्लंघन सामने आने पर संबंधित कानूनों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन मोगा द्वारा नशों के खिलाफ अभियान को और मजबूत करने के लिए संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक निगरानी और कार्रवाई जारी रखी जा रही है, ताकि नशों की अवैध आपूर्ति और बिक्री पर रोक लगाने के साथ-साथ युवाओं के सुरक्षित और नशामुक्त भविष्य के लिए ठोस प्रयास किए जा सकें।
ड्रग कंट्रोल अधिकारी मोगा सोनिया गुप्ता और रवि गुप्ता ने बताया कि हाल ही में बरकत मेडिकोज, निगाहा रोड, मोगा तथा टी.एस. मेडिकल एजेंसी, मोगा को नियमों का उल्लंघन करने के कारण सील कर दिया गया है।
📍 Location: मोगा
मेष: दिन शुभ रहेगा...