Last Updated: November 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोगा के 20 ड्रग हॉटस्पॉट क्षेत्रों की बदलेगी तस्वीर, 269 CCTV कैमरों से होगी निगरानी, 60 दिन का विशेष अभियान शुरू

November 10, 2026

मोगा के 20 ड्रग हॉटस्पॉट क्षेत्रों की बदलेगी तस्वीर, 269 CCTV कैमरों से होगी निगरानी, 60 दिन का विशेष अभियान शुरू

मोगा: पंजाब सरकार द्वारा नशों के खिलाफ शुरू की गई मुहिम ‘‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’अब नशा प्रभावित क्षेत्रों की तस्वीर बदलने और उन्हें बेहतर सामाजिक वातावरण प्रदान करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। जिला मोगा में चिह्नित किए गए 20 ड्रग हॉटस्पॉट क्षेत्रों को साफ-सुथरा, सुरक्षित और बुनियादी सुविधाओं से लैस बनाने के लिए चलाए जा रहे 60 दिनों के विशेष अभियान के तहत विभिन्न विभागों द्वारा कार्यों में तेजी लाई गई है। डिप्टी कमिश्नर श्री सागर सेतिया ने अधिकारियों को इन कार्यों में और तेजी लाने तथा सभी लक्ष्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे करने के निर्देश दिए हैं।

इस विशेष अभियान की प्रगति का जायजा लेने के लिए आज आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि नशों के खिलाफ लड़ाई को सफल बनाने के लिए नशा प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं का स्थायी समाधान करना बेहद जरूरी है। इसके लिए सुनसान स्थानों और खंडहर इमारतों की सफाई, आवश्यक मरम्मत, स्ट्रीट लाइटें लगाने तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं में सुधार के कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि नशा प्रभावित 20 ड्रग हॉटस्पॉट क्षेत्रों में 269 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, जिन्हें कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा, ताकि नशा प्रभावित क्षेत्रों पर कड़ी निगरानी रखी जा सके।

डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि इन क्षेत्रों की तस्वीर बदलने के लिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें। इस अभियान का उद्देश्य केवल सफाई या विकास कार्य करवाना ही नहीं, बल्कि लोगों को सुरक्षित वातावरण, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और युवाओं को खेलों तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए उचित अवसर उपलब्ध करवाना भी है। उन्होंने ड्रग कंट्रोल विभाग को मेडिकल स्टोरों की लगातार जांच करने और दवाइयों की बिक्री से संबंधित नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इसी तरह पुलिस विभाग को नशा प्रभावित क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित करने और नशा तस्करों तथा गैर-कानूनी गतिविधियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा करने और प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को नशा पीड़ितों की पहचान, उपचार और पुनर्वास के लिए उपलब्ध सुविधाओं के बारे में लोगों को जागरूक करने तथा जरूरतमंदों को इन सुविधाओं से जोड़ने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि नशों के खिलाफ अभियान की वास्तविक सफलता तभी सुनिश्चित होगी, जब नशा पीड़ित उपचार के बाद स्वस्थ जीवन व्यतीत करते हुए समाज की मुख्यधारा में वापस लौटेंगे।

इस अवसर पर एसएसपी श्री सरताज सिंह चहल ने कहा कि पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ नशा पीड़ितों के उपचार और पुनर्वास के लिए भी आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए पुलिस, प्रशासन और आम लोगों का संयुक्त सहयोग बेहद जरूरी है। डिप्टी कमिश्नर ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और निर्धारित समय के भीतर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

डिप्टी कमिश्नर ने यह भी कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए 14 नवंबर को ‘सरकार आपके द्वार’ योजना के तहत कैंप लगाए जाएंगे। इसके अलावा स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा स्कूलों में दाखिल करवाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) श्री जसपिंदर सिंह, विशेष कार्य अधिकारी (शहरी विकास) सुश्री हर्षिता शर्मा, नगर निगम कमिश्नर श्री गुरविंदर सिंह जौहल, सभी उपमंडल मजिस्ट्रेट तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें