
मोगा: भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत पंजाब में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) प्रक्रिया के अंतर्गत मोगा जिले की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। अंतिम सूची के अनुसार जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 7,29,413 हो गई है। इनमें 3,83,697 पुरुष, 3,45,694 महिलाएं और 22 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन और चुनावी प्रबंधों की समीक्षा के लिए पंजाब सहकारिता विभाग की सचिव एवं रोल ऑब्जर्वर ऋतु अग्रवाल, आईएएस ने सोमवार को मोगा जिले का तीसरा विशेष दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पुनरीक्षण प्रक्रिया के तहत किए गए कार्यों पर संतुष्टि जताई।
दौरे के दौरान डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी सागर सेतिया, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर-कम-अतिरिक्त जिला चुनाव अधिकारी जसपिंदर सिंह, विशेष कार्य अधिकारी (शहरी विकास) हर्षिता शर्मा, चुनाव तहसीलदार बरजिंदर सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
शिकायतों के निपटारे से लेकर वोटर कार्डों की डिलीवरी तक की समीक्षा
रोल ऑब्जर्वर ऋतु अग्रवाल ने समीक्षा बैठक के दौरान मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अंतिम मतदाता सूचियां उपलब्ध करवाने, सूची को अंतिम रूप देने से पहले प्राप्त शिकायतों की जांच और उनके निपटारे सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं का जायजा लिया। इसके अलावा फॉर्मेट-1 से 8 तक के आंकड़ों के विश्लेषण, मतदान केंद्रों तथा संबंधित चुनाव कार्यालयों में मतदाता सूचियों के प्रकाशन और वेबसाइट पर सूचियां उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
उन्होंने नए पंजीकृत मतदाताओं के मतदाता फोटो पहचान पत्र (एपिक कार्ड) की छपाई और उनकी समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए किए गए प्रबंधों की जानकारी भी ली। समीक्षा के दौरान जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित कार्य संतोषजनक पाया गया।
मतदान केंद्रों की संख्या 804 से बढ़ाकर 834 की
मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले में मतदान केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई गई है। प्रत्येक मतदान केंद्र पर अधिकतम 1,200 मतदाताओं की सीमा को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्रों की संख्या 804 से बढ़ाकर 834 कर दी गई है। इससे मतदान प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी। अधिकारियों के अनुसार, अंतिम मतदाता सूची एक अक्टूबर, 2026 की पात्रता तिथि के आधार पर प्रकाशित की गई है। मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के साथ जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 का महत्वपूर्ण चरण पूरा हो गया है।
📍 Location: मोगा