मोगा: मोगा के गांव लोहारा में समाज सेवा की एक और प्रेरणादायक मिसाल पेश करते हुए तीसरे विशाल निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोगों ने पहुंचकर अपनी आंखों की मुफ्त जांच करवाई और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
यह शिविर अमर शहीद धन-धन बाबा मोती राम मेहरा फाउंडेशन, बराड़ आई हॉस्पिटल, कोटकपूरा और धन-धन बाबा नंद सिंह सेवा सोसायटी के संयुक्त प्रयास से आयोजित किया गया। शिविर के दौरान नेत्र रोग विशेषज्ञों की टीम ने करीब 270 मरीजों की आंखों की बारीकी से जांच की।
जांच के उपरांत 30 से 35 मरीजों का मोतियाबिंद के निःशुल्क ऑपरेशन के लिए चयन किया गया। इन मरीजों के ऑपरेशन बराड़ आई हॉस्पिटल, कोटकपूरा में पूरी तरह निशुल्क किए जाएंगे। इसके अलावा शिविर में पहुंचे जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक मुफ्त दवाइयां भी वितरित की गईं।
इस अवसर पर प्रसिद्ध पंजाबी गायक एवं समाजसेवी दीप कंवल मेहरा ने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा ही सच्ची इंसानियत है। उन्होंने कहा कि समाज कल्याण के ऐसे जनहित कार्य भविष्य में भी निरंतर जारी रखे जाएंगे। शिविर के दौरान महंत चरणजीत सिंह, बाबा जसवीर सिंह लोहारा सहित अनेक धार्मिक, सामाजिक एवं राजनीतिक हस्तियों ने भी भाग लिया।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के निःशुल्क नेत्र जांच शिविर जरूरतमंद लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं। समय पर जांच और उपचार से आंखों की रोशनी को सुरक्षित रखा जा सकता है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को समय-समय पर अपनी आंखों की जांच अवश्य करवानी चाहिए। उन्होंने इस जनसेवा कार्य के लिए आयोजक संस्थाओं की भूरि-भूरि प्रशंसा भी की।
📍 Location: मोगा

