Last Updated: November 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

Punjab News : विधायक ने शहरवासियों से सार्वजनिक संपत्ति की देखभाल की अपील की

November 23, 2026

Punjab News : विधायक ने शहरवासियों से सार्वजनिक संपत्ति की देखभाल की अपील की

Moga Gets a New Landmark as MLA Inaugurates Clock Tower : मोगा। शहर की सुंदरता को बढ़ावा देने और मोगा को एक नई पहचान देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नवनिर्मित मोगा क्लॉक टावर का आज विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने विधिवत उद्घाटन किया।

इस अवसर पर उन्होंने क्लॉक टावर शहरवासियों को समर्पित करते हुए कहा कि यह केवल समय बताने वाला टावर नहीं, बल्कि मोगा शहर की सुंदरता, विकास और नई पहचान का प्रतीक बनेगा। क्लॉक टावर के निर्माण से शहर की खूबसूरती में चार चांद लगेंगे और यह आने वाले समय में शहर के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा। इस अवसर पर नगर निगम की मेयर विनय पाल कौर, सीनियर डिप्टी मेयर राकेश काला बजाज, डिप्टी मेयर गौरव गर्ग, आम आदमी पार्टी के शहरी अध्यक्ष प्रेमचंद चक्की वाला, पार्षद दविंदर तिवाड़ी, पार्षद संजय शर्मा, आम आदमी पार्टी के ट्रेड विंग के चेयरमैन संजीव नरूला, प्रिंसिपल अरोड़ा, संजीव अरोड़ा, पार्षद विक्रमजीत सिंह सहित नगर निगम के अन्य पार्षद, आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं वालंटियर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस मौके पर विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि मोगा शहर को सुंदर, स्वच्छ और आधुनिक बनाने का सपना केवल एक व्यक्ति या संस्था का नहीं, बल्कि पूरे शहरवासियों का साझा सपना है। आम आदमी पार्टी की सरकार और नगर निगम शहर के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयासरत हैं। शहर में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ सौंदर्यीकरण के कार्यों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि नवनिर्मित क्लॉक टावर मोगा की सुंदरता में एक नया अध्याय जोड़ेगा।

शहर में आने वाले लोगों के लिए भी यह आकर्षण का केंद्र बनेगा और मोगा की एक अलग पहचान स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। हमारा प्रयास है कि मोगा को ऐसा शहर बनाया जाए, जहां स्वच्छता, सुंदरता, बेहतर सुविधाएं और आधुनिक विकास एक साथ दिखाई दें। विधायक ने कहा कि शहर के विकास की यह यात्रा निरंतर जारी रहेगी। विकास कार्यों को केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उन्हें जमीन पर उतारकर शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।

उन्होंने शहरवासियों से भी अपील की कि वे अपने शहर को स्वच्छ रखने, सार्वजनिक संपत्ति की देखभाल करने और विकास कार्यों में सहयोग देने के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि शहर की सुंदरता बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि सभी शहरवासी मिलकर सहयोग करें तो मोगा को पंजाब के सुंदर और विकसित शहरों में शामिल किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी शहर के सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों को लेकर खुशी जाहिर की। क्लॉक टावर का उद्घाटन शहर के विकास और सौंदर्यीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें