Moga Gets Its First Government Shooting Range : मोगा। गांव सलीना में खिलाड़ियों और युवाओं को शूटिंग का प्रशिक्षण देने के लिए 65 लाख रुपये की लागत से सरकारी शूटिंग रेंज का निर्माण शुरू हो गया है। विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने इसका नींव पत्थर रखा। रेंज को 31 दिसंबर तक तैयार कर खिलाड़ियों को समर्पित करने का लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि मोगा हलके में यह पहली सरकारी शूटिंग रेंज होगी, जिससे शूटिंग में रुचि रखने वाले बच्चों और युवाओं को प्रशिक्षण के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। विधायक ने बताया कि शूटिंग रेंज का निर्माण कार्य तीन महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है और 31 दिसंबर तक इसे तैयार कर खिलाड़ियों को समर्पित करने की योजना है। यह शूटिंग रेंज खेल विभाग की ओर से संचालित की जाएगी। बच्चों को स्कूल के समय के बाद उनकी सुविधा के अनुसार प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यहां प्रशिक्षण की सुविधा नि:शुल्क होगी और मोगा हलके के साथ-साथ जिले के अन्य क्षेत्रों के बच्चे भी शूटिंग का प्रशिक्षण ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि गांव सलीना में अन्य विकास कार्यों के लिए भी करीब 26 लाख रुपये के कार्यों का उद्घाटन किया गया है। इससे पहले गांव में 25 लाख रुपये की लागत से कम्युनिटी हॉल का निर्माण करवाया जा चुका है। इसके अलावा खेल मैदान, तालाबों, गलियों और सड़कों के विकास के कार्य भी जारी हैं।
विधायक ने बताया कि गांव के स्कूल के लिए सरकार की ओर से करीब 80 लाख रुपये की ग्रांट दी गई है। उन्होंने कहा कि गांव में विभिन्न विकास कार्यों के लिए अब तक करीब सवा पांच करोड़ रुपये की ग्रांट मिल चुकी है, जिससे कई विकास कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि कई कार्य प्रगति पर हैं। डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का धन्यवाद करते हुए कहा कि सरकार की ओर से गांवों और शहरों के विकास कार्यों को लगातार प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए दिन के समय बिजली उपलब्ध करवाने और खेतों तक नहरी पानी पहुंचाने के कार्य भी जारी हैं।