Site icon Dainik Savera Times

मोगा में 26 नवंबर को ‘खुशहाल पंजाब रैली’, विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने लिया कार्यक्रम स्थल का जायजा

https://dainiksaveratimes.com/wp-content/uploads/2026/11/896493.mp4

मोगा: आम आदमी पार्टी की ओर से 26 नवंबर को पार्टी का 15वां स्थापना दिवस मनाने के उपलक्ष्य में मोगा जिले के गांव मटवाणी में विशाल ‘खुशहाल पंजाब रैली’ का आयोजन किया जा रहा है। इस महारैली को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। मुख्य जीटी रोड के नजदीक करीब 116 एकड़ जमीन में विशाल पंडाल तैयार किया जा रहा है। रैली के सफल आयोजन के लिए पार्टी नेताओं और विधायकों की ओर से लगातार रैली स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया जा रहा है। इसी कड़ी में मोगा की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने अपनी टीम के साथ रैली स्थल का निरीक्षण किया और प्रबंधों की समीक्षा की।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने पंजाबवासियों को 26 नवंबर को सुबह 11 बजे होने वाली इस रैली में बड़ी संख्या में पहुंचने का न्योता दिया। उन्होंने बताया कि रैली में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान सहित पार्टी की समूची वरिष्ठ लीडरशिप विशेष रूप से शिरकत करेगी। उन्होंने कहा कि रैली को लेकर युवाओं, किसानों और समाज के विभिन्न वर्गों में उत्साह देखने को मिल रहा है।

विधायक ने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। राज्य में स्कूल ऑफ एमिनेंस स्थापित करने के साथ नए स्कूलों और अस्पतालों का निर्माण करवाया गया है। उन्होंने दावा किया कि सरकार अब तक 77 हजार से अधिक युवाओं को बिना किसी भेदभाव के योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दे चुकी है। इसके अलावा घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को 600 यूनिट मुफ्त बिजली देने की सुविधा सहित चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में भी काम किया गया है।

महिलाओं के सशक्तिकरण का जिक्र करते हुए डॉ. अरोड़ा ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और आर्थिक मजबूती के लिए सरकार की ओर से कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी के महिला संगठन की डेढ़ लाख से अधिक सदस्य विभिन्न जनहित और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि खेतों तक नहरी पानी पहुंचाने के लिए पाइपलाइनें बिछाई गई हैं। उनके अनुसार, प्रदेश में नहरी पानी के इस्तेमाल का स्तर 21 प्रतिशत से बढ़कर 80 प्रतिशत से अधिक हो गया है। उन्होंने सड़क सुरक्षा फोर्स को भी सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से सड़क हादसों के दौरान लोगों को सहायता उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि मोगा में इतनी बड़ी रैली का आयोजन होना शहर और जिले के लोगों के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि रैली के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान पंजाबवासियों के लिए कई नए ऐलान और सौगातों की घोषणा कर सकते हैं, जिनकी जानकारी 26 नवंबर को ही सामने आएगी। उन्होंने कहा कि रैली के प्रबंधों में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी और इसके लिए पार्टी कार्यकर्ता पूरी मेहनत से जुटे हुए हैं।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version