Site icon Dainik Savera Times

दूसरी बार टिकट मिलने पर विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने शुरू की शुक्राना यात्रा

मोगा। आम आदमी पार्टी की ओर से पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने के बाद मोगा की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा को दूसरी बार पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया गया है। दोबारा टिकट मिलने पर विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने गुरुद्वारा नामदेव भवन में माथा टेककर अरदास की और शुक्राना यात्रा की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने परमात्मा का शुक्राना करने के साथ-साथ पार्टी हाईकमान और मोगा शहर के लोगों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि वह आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की आभारी हैं, जिन्होंने एक बार फिर उन पर विश्वास जताते हुए मोगा विधानसभा हलके से उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से दोबारा जिम्मेदारी सौंपना उनके लिए सम्मान की बात है। इसके साथ ही जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने और हलके के विकास के लिए काम करने की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है।

डॉ. अरोड़ा ने कहा कि मोगा के लोगों ने उन्हें विधायक बनाकर जो विश्वास और प्यार दिया है, उसके लिए वह हमेशा आभारी रहेंगी। इसी विश्वास के प्रति आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से उन्होंने गुरुद्वारा साहिब में अरदास कर शुक्राना यात्रा शुरू की है।

उन्होंने कहा कि पिछले कार्यकाल के दौरान उन्होंने लोगों की समस्याओं का समाधान करवाने और हलके में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। यदि जनता उन्हें दोबारा सेवा का अवसर देती है तो वह पहले की तरह दिन-रात लोगों के काम करवाने और उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए तत्पर रहेंगी।

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान भी सरकार के कामकाज के आधार पर जनता से वोट मांगने की बात कहते रहे हैं। वह भी लोगों के बीच अपने कार्यों और विकास कार्यों के आधार पर ही जाएंगी। उन्होंने मोगा वासियों से अपील की कि वे उन्हें दोबारा सेवा का मौका दें, ताकि हलके के विकास और लोगों की भलाई के लिए और अधिक काम किए जा सकें।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version