Site icon Dainik Savera Times

जनगणना-2027 का संदेश घर-घर पहुंचा रही डिजिटल एलईडी वैन, धर्मकोट के गांवों में चलाया जागरूकता अभियान

मोगा: जनगणना-2027 की प्रक्रिया में लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन मोगा की ओर से जागरूकता अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत डिजिटल एलईडी वैन के माध्यम से धर्मकोट सब-डिवीजन के विभिन्न गांवों में पहुंचकर लोगों को जनगणना के महत्व, इसकी प्रक्रिया और ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा के बारे में जागरूक किया जा रहा है। ‘हमारी जनगणना, हमारा विकास’ के संदेश के साथ यह वैन गांव-गांव जाकर लोगों को इस राष्ट्रीय कार्य में भाग लेने के लिए प्रेरित कर रही है।

डिप्टी कमिश्नर-कम-प्रिंसिपल जनगणना अधिकारी सागर सेतिया ने कहा कि जनगणना देश के विकास की दिशा तय करने वाला एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसके तहत प्रत्येक परिवार की ओर से सही और पूरी जानकारी उपलब्ध करवाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि डिजिटल एलईडी वैन के माध्यम से ऑडियो-वीडियो संदेश दिखाकर लोगों को सरल और प्रभावशाली तरीके से जागरूक किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि 30 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान के दौरान वैन जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को जागरूक करेगी। इसी कड़ी में शनिवार को धर्मकोट सब-डिवीजन के कैला, बाजेके, ढोलेवाला, सैद मोहम्मद, तोता सिंह वाला, खंबे, धर्म सिंह वाला, कादर वाला और फतेहगढ़ पंजतूर गांवों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर भविष्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़कों, पेयजल, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए योजनाएं तैयार करने में मदद मिलती है। इसके अलावा सरकारी कल्याणकारी योजनाओं को जरूरतमंद लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में भी जनगणना के आंकड़ों की अहम भूमिका होती है।

उन्होंने बताया कि जनगणना-2027 के पहले चरण के तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। नागरिक आधिकारिक वेबसाइट **se.census.gov.in** पर जाकर अपने मकान और परिवार से संबंधित विवरण घर बैठे ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। स्व-गणना पूरी होने के बाद प्रत्येक व्यक्ति को एक विशिष्ट स्व-गणना पहचान नंबर (एसई आईडी) जारी किया जाएगा। इस नंबर को बाद में घर-घर आने वाले अधिकृत जनगणना कर्मचारी के साथ साझा करना अनिवार्य होगा।

सागर सेतिया ने लोगों को आश्वस्त किया कि जनगणना के दौरान एकत्रित की जाने वाली व्यक्तिगत जानकारी जनगणना अधिनियम, 1948 के प्रावधानों के तहत पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है। उन्होंने कहा कि नागरिक बिना किसी झिझक के सही जानकारी उपलब्ध करवाएं।

उन्होंने धर्मकोट सब-डिवीजन के सभी निवासियों, ग्राम पंचायतों, गांवों के गणमान्य व्यक्तियों और सामाजिक संस्थाओं से अपील की कि वे इस जागरूकता अभियान में जिला प्रशासन का सहयोग करें तथा अपने आसपास रहने वाले प्रत्येक परिवार को ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दें, ताकि जनगणना-2027 जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version