मोगाः फिरोजपुर विजिलेंस ब्यूरो रेंज की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना कोट ईसे खां की मौजूदा SHO इंस्पेक्टर सुनीता रानी उर्फ सुनीता बावा और उसके साथ तैनात होमगार्ड कर्मचारी (PHG) गुरअवतार सिंह को कथित तौर पर 50 हजार रुपये रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को रविवार को मोगा की अदालत में पेश किया गया।
विजिलेंस ब्यूरो से मिली जानकारी के अनुसार, गांव नूरपुर हकीमा निवासी राजविंदर सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि थाना कोट ईसे खां में दर्ज एक मामले में उसे नामजद करने का डर दिखाकर PHG गुरअवतार सिंह द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत के अनुसार, पहले एक लाख रुपये की मांग की गई थी, जिसके बाद कथित तौर पर 80 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। इसमें से 20 हजार रुपये शिकायतकर्ता द्वारा अलग-अलग मौकों पर पहले ही दिए जाने का आरोप है। इसके बाद बाकी 60 हजार रुपये देने की बात हुई।
शिकायतकर्ता ने रिश्वत की मांग को लेकर हुई बातचीत अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली और यह रिकॉर्डिंग विजिलेंस ब्यूरो फिरोजपुर रेंज की इंस्पेक्टर जगनदीप कौर के समक्ष पेश की। इसके बाद विजिलेंस टीम ने मामले की जांच शुरू कर कानूनी कार्रवाई की।
विजिलेंस के अनुसार, सरकारी गवाहों की मौजूदगी में PHG गुरअवतार सिंह को रिश्वत की रकम लेते हुए काबू किया गया। पूछताछ के दौरान उसके द्वारा कथित तौर पर बताया गया कि रिश्वत की रकम में से 50 हजार रुपये थाना कोट ईसे खां की SHO सुनीता बावा को दिए जाने थे। इसके बाद विजिलेंस टीम ने इंस्पेक्टर सुनीता बावा को भी कथित तौर पर उक्त रकम हासिल करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
विजिलेंस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच अभी जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस बीच दोनों आरोपियों को मोगा की अदालत में पेश किया गया।
अदालत परिसर से बाहर निकलते समय सुनीता बावा ने मीडिया से बातचीत के दौरान कथित तौर पर कहा, “नौकरी में ऐसा होता है, जेल का मॉड्यूल शुरू हो गया है।” इसके बाद उन्होंने “ऑल इज वेल” कहते हुए वहां से कदम बाहर रखा। विजिलेंस ब्यूरो द्वारा मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
📍 Location: मोगा

