मोगा: पंजाब में नशे के बढ़ते कारोबार के खिलाफ शिरोमणि अकाली दल द्वारा शुरू की गई मुहिम के तहत शनिवार को मोगा जिले के विधानसभा हलका निहाल सिंह वाला में ‘मावां-धीयां दी ललकार’ रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में सांसद हरसिमरत कौर बादल ने शिरकत करते हुए पंजाब में नशे के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी की सरकार को घेरा। रैली में हजारों की संख्या में महिलाओं की भागीदारी देखने को मिली।
सुबह से ही निहाल सिंह वाला और आसपास के गांवों से महिलाओं का रैली स्थल पर पहुंचना शुरू हो गया था। महिलाएं ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, बसों और निजी गाड़ियों में सवार होकर कार्यक्रम में पहुंचीं। रैली स्थल पर अकाली दल के समर्थन में नारेबाजी होती रही। महिलाओं के हाथों में बैनर थे और उनकी जुबान पर नशे के कारोबार को बंद करवाने का नारा था। पूरे कार्यक्रम के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। गौरतलब है कि हरसिमरत कौर बादल की ओर से पंजाब के सभी 117 विधानसभा हलकों में ‘मावां-धीयां दी ललकार’ रैलियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में निहाल सिंह वाला में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया।
रैली को संबोधित करते हुए हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि नशे ने पंजाब के अनगिनत परिवारों को बर्बाद कर दिया है। नशे की लत के कारण कितने ही नौजवान अपनी जवानी गंवा चुके हैं और कई घरों के चिराग बुझ गए हैं। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने नशे के कारण अपने बच्चों को खोया है, उनका दर्द शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता। अब पंजाब की माताओं और बहनों ने यह ठान लिया है कि वे नशे के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेंगी और चुप बैठने वाली नहीं हैं।
उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो चुकी है। गैंगस्टरवाद और आपराधिक घटनाओं को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नशे का कारोबार और कानून-व्यवस्था का मुद्दा गंभीर चिंता का विषय है। हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि माताओं और बेटियों की यह आवाज अब गांव-गांव तक पहुंचेगी। उन्होंने दावा किया कि पंजाब की महिलाएं आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में मौजूदा सरकार को सत्ता से बाहर करने का फैसला कर चुकी हैं। रैली में मौजूद महिलाओं ने भी नशे के खिलाफ संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
📍 Location: निहाल सिंह वाला

