मोगा: देशभर में भगवान श्री कृष्ण जी के जन्मदिवस को समर्पित पावन श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व पूरी श्रद्धा, उत्साह और धूमधाम से मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में मोगा शहर भी श्री कृष्ण की भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। शहर के विभिन्न मंदिरों को जन्माष्टमी के मद्देनजर रंग-बिरंगी लाइटों, फूलों और विभिन्न सजावटी सामान से बेहद खूबसूरत ढंग से सजाया गया।
मंदिरों की मनमोहक सजावट और धार्मिक माहौल श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान श्री कृष्ण जी के दर्शन करने के लिए मंदिरों में पहुंचते रहे। श्रद्धालुओं ने कान्हा जी को झूला झुलाकर अपनी श्रद्धा प्रकट की। कई मंदिरों में भगवान श्री कृष्ण जी को झूला झुलाने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें भी देखने को मिलीं। इस दौरान विभिन्न मंदिरों में भजन-कीर्तन, धार्मिक समागम और अन्य विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। ‘नंद के घर आनंद भयो’ और ‘जय श्री कृष्ण’ के जयकारों से मंदिरों का माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
कावड़ संघ ने 26वीं बार किया जन्माष्टमी का आयोजन
इस अवसर पर कावड़ संघ के सेवादारों ने बताया कि इस मंदिर में यह 26वीं जन्माष्टमी है। उन्होंने कहा कि संघ की ओर से हर वर्ष जन्माष्टमी के अवसर पर कुछ नया करने का प्रयास किया जाता है। इसी के तहत इस बार वृंदावन से आए स्वामी जी द्वारा श्री महाकाल का विशेष स्वरूप तैयार किया गया है, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
सेवादारों ने बताया कि मंदिर में महाकाल का दरबार सजाया गया है और अमरनाथ गुफा का भी निर्माण किया गया है। इस गुफा के दर्शन करने के लिए शहरवासी बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये सभी धार्मिक प्रयास शहरवासियों के सहयोग से ही संभव हो रहे हैं और इसके लिए वे समस्त शहरवासियों का आभार व्यक्त करते हैं।
विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने मंदिरों में किए दर्शन
इस अवसर पर मोगा की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने शहर के विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर भगवान श्री कृष्ण जी के दर्शन किए और झूला झुलाया। उन्होंने समस्त संगत को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने भगवान श्री कृष्ण के चरणों में प्रार्थना की है कि प्रभु सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें, सभी को सद्बुद्धि प्रदान करें और मोगा, पंजाब तथा देश को खुशहाली प्रदान करें। जन्माष्टमी के अवसर पर पूरे मोगा शहर, पंजाब और देश में रौनक देखने को मिल रही है। आज के धार्मिक आयोजनों में हमारी श्रद्धा, संस्कार और संस्कृति की झलक साफ दिखाई दे रही है। खास तौर पर बच्चों में भी श्री कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने शहरवासियों को आपसी भाईचारा मजबूत बनाए रखने और सभी धर्मों का सम्मान करने का संदेश देते हुए कहा कि हम सभी मिलकर अपने मोगा, पंजाब और देश को और खुशहाल बनाने के लिए प्रयास करें। इस कार्य के लिए समाज के हर वर्ग के सहयोग की आवश्यकता है।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिए विशेष प्रबंध
मंदिरों और आसपास बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आमद को देखते हुए मंदिर प्रबंधकों और प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं व्यवस्था के विशेष प्रबंध किए गए। देर शाम तक मंदिरों में श्रद्धालुओं की आमद जारी रही। पूरा मोगा शहर श्री कृष्ण भक्ति, धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के रंग में रंगा नजर आया।
📍 Location: मोगा

