Site icon Dainik Savera Times

मोगा: पुलिस की नशा तस्करों पर कार्रवाई, 56 ग्राम हेरोइन सहित दो आरोपी गिरफ्तार

मोगा। जिला मोगा पुलिस की ओर से नशा तस्करों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 56 ग्राम हेरोइन बरामद की है। दोनों मामलों में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

पहले मामले में थाना कोट ईसे खां की पुलिस पार्टी गांव दौलेवाला के इलाके में गश्त के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को काबू किया। पुलिस ने उसकी पहचान महकदीप सिंह उर्फ महका पुत्र वीर सिंह निवासी गांव चूहड़चक्क के रूप में की। तलाशी लेने पर पुलिस को उसके कब्जे से 47 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस कार्रवाई को थाने के सहायक थानेदार रमनदीप सिंह ने पुलिस पार्टी के साथ अंजाम दिया।

इसी तरह दूसरे मामले में थाना समालसर की पुलिस गांव भलूर के इलाके में गश्त के दौरान एक अन्य संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी की पहचान हैप्पी सिंह उर्फ शेबर पुत्र गुरप्रीत सिंह, निवासी गांव भलूर, जिला मोगा के रूप में की है। पुलिस ने आरोपी की तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 9 ग्राम हेरोइन बरामद की। यह कार्रवाई सहायक थानेदार सतनाम कौर की अगुवाई में पुलिस पार्टी ने की। बरामद हेरोइन को पारदर्शी मोमी लिफाफे में रखा गया था।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 61 और 85 के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हेरोइन कहां से लेकर आए थे और आगे किन लोगों को इसकी सप्लाई करने वाले थे। साथ ही नशा तस्करी से जुड़े अन्य संपर्कों की भी जांच की जा रही है।

जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नशा तस्करी करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version