Site icon Dainik Savera Times

मोगा में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 110 नशीली गोलियों सहित युवक गिरफ्तार

मोगा: मोगा पुलिस द्वारा नशा तस्करों और नशे का अवैध कारोबार करने वाले लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना सिटी मोगा पुलिस ने गश्त के दौरान एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से नशे के रूप में इस्तेमाल होने वाली 110 गोलियां बरामद की हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना सिटी मोगा में तैनात महिला पुलिस कर्मचारी सरबजीत कौर अपनी पुलिस पार्टी के साथ इलाके में गश्त कर रही थीं। इस दौरान पुलिस पार्टी जब लिंकरोड लुहारा साइड के क्षेत्र में पहुंची तो जीरा रोड स्थित गली नंबर 19 के पास एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में दिखाई दिया। पुलिस पार्टी को देखकर उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके चलते पुलिस कर्मचारियों ने उसे रोककर पूछताछ की।

इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार युवक की तलाशी ली तो उसके कब्जे से नशे के रूप में इस्तेमाल होने वाली 110 गोलियां बरामद हुईं। पुलिस ने तुरंत गोलियों को अपने कब्जे में लेकर युवक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्रम सिंह उर्फ बब्बी पुत्र गुरमेल सिंह निवासी गली नंबर 19, जीरा रोड, मोगा के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सिटी मोगा में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। बरामद की गई गोलियों को लेकर पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी ये गोलियां कहां से लेकर आया था और क्या वह इन्हें आगे किसी को सप्लाई करने की तैयारी में था। मोगा पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए गश्त, नाकाबंदी और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग लगातार जारी है। नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version