मोगा। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोगा पुलिस ने जिले में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 55 ग्राम हेरोइन और 38 नशीली गोलियां बरामद की हैं। पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ कर नशे की सप्लाई से जुड़े संपर्कों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
थाना सदर मोगा पुलिस के अनुसार जब पुलिस पार्टी गांव डगरू के रकबे में गश्त कर रही थी। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को काबू कर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 30 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रगट सिंह पुत्र बसंत सिंह निवासी गांव दौलतपुरा ऊंचा के रूप में हुई है। मामले की जांच सहायक थानेदार गुरमेल सिंह द्वारा की जा रही है।
इसी तरह थाना कोट ईसे खां पुलिस ने दातेवाला नहर पुल के पास कार्रवाई करते हुए 15 ग्राम हेरोइन और 38 नशीली गोलियां बरामद कीं। पुलिस के अनुसार गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जॉबनप्रीत सिंह उर्फ जॉबन पुत्र तेजवंत सिंह निवासी कच्चा गलोटी रोड, कोट ईसे खां के रूप में हुई है। मामले की जांच सहायक थानेदार यादविंदर सिंह कर रहे हैं।
वहीं थाना बाघापुराना पुलिस ने समाध भाई इलाके में कार्रवाई करते हुए 10 ग्राम हेरोइन सहित एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान सतनाम सिंह पुत्र करनैल सिंह निवासी गांव समाध भाई के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर आरोपी को काबू किया गया। मामले की जांच पुलिस अधिकारी द्वारा की जा रही है।
पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड और संपर्कों की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
📍 Location: मोगा

