Last Updated: November 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोगा पुलिस ने 37 दिनों में नशा तस्करों पर कसा शिकंजा, 51 आरोपी गिरफ्तार

November 21, 2026

मोगा पुलिस ने 37 दिनों में नशा तस्करों पर कसा शिकंजा, 51 आरोपी गिरफ्तार

मोगा: जिला मोगा पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ और ‘पिंडां दे पहरेदार’ के तहत 14 अक्टूबर से 20 नवंबर तक विशेष अभियान चलाकर नशा तस्करों और आपराधिक तत्वों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत 40 मामले दर्ज कर 51 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों से 251 ग्राम हेरोइन, 170 नशीली गोलियां और एक वाहन बरामद किया गया।

इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला पुलिस प्रमुख (एसएसपी) सरताज सिंह चाहल ने बताया कि नशा तस्करी पर नकेल कसने के लिए पुलिस की ओर से लगातार विशेष नाकाबंदी, गश्त और सर्च अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में चार CASO ऑपरेशन भी किए गए। ड्रग हॉटस्पॉट क्षेत्रों में तलाशी के दौरान एनडीपीएस एक्ट के चार मामले दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 157 ग्राम हेरोइन, 120 नशीली गोलियां और एक वाहन बरामद किया गया।

उन्होंने बताया कि अवैध शराब का कारोबार करने वालों के खिलाफ दो मामले दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से 13,500 लीटर ठेके की शराब और 15,000 लीटर अवैध शराब बरामद की। इसके अलावा हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक देसी पिस्तौल .30 बोर, आठ जिंदा कारतूस और बिना नंबर की स्विफ्ट कार बरामद की गई।

एसएसपी ने बताया कि पीओ (प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर) को गिरफ्तार करने के लिए चलाए अभियान के तहत चार भगोड़े आरोपियों को भी काबू किया गया। वहीं लूटपाट और चोरी की वारदातों में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 50 किलो तांबे की तारें, छोटा हाथी वाहन, बिना नंबर का मोटरसाइकिल और दो खाली पर्स बरामद किए गए।

जनता को जागरूक करने के लिए 553 बैठकें और सेमिनार

एसएसपी ने बताया कि नशे और पराली जलाने के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए पंचायतों, खेल क्लबों, गणमान्य व्यक्तियों, किसानों और अन्य सामाजिक संगठनों के साथ बैठकें की गईं। इस अवधि में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ओर से गांवों तथा शहरों में नशे की रोकथाम के लिए 28 सेमिनार और बैठकें आयोजित की गईं, जबकि पराली न जलाने के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए 525 बैठकें की गईं। उन्होंने आम जनता से अपील की कि नशे का कारोबार करने वाले लोगों की जानकारी पुलिस को दें और नशा मुक्त समाज बनाने में सहयोग करें। पुलिस प्रशासन नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें