मोगा: जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जिला पुलिस की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी के तहत मोगा पुलिस ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए हेरोइन तस्करी के पांच मामले दर्ज कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 120 ग्राम हेरोइन बरामद की है। सभी गिरफ्तारियां पुलिस की गश्त और मुखबिर से मिली सूचनाओं के आधार पर की गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना मेहना पुलिस ने लिंक रोड माहला गांव दौलेवाला के पास गश्त के दौरान जैमल सिंह पुत्र बिकर सिंह निवासी चोहला जीरा को गिरफ्तार किया। पुलिस पार्टी का नेतृत्व सहायक थानेदार सुखविंदर सिंह कर रहे थे। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 28 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
इसी तरह थाना बधनी कलां पुलिस ने इलाके में गश्त के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें सरबजीत सिंह उर्फ सरबा पुत्र बिकर सिंह निवासी राउके रोड बधनी कलां और सुखप्रीत सिंह उर्फ काली पुत्र गोरा सिंह निवासी राउके रोड बधनी कलां शामिल हैं। थाना प्रभारी सतनाम सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों से 40 ग्राम हेरोइन बरामद की।
तीसरे मामले में थाना सदर मोगा पुलिस ने गांव दौलतपुरा नीवां के क्षेत्र में मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दिलप्रीत सिंह उर्फ नूरी पुत्र बलवंत सिंह निवासी दौलतपुरा उच्चा को गिरफ्तार किया। सहायक थानेदार पाल सिंह की अगुवाई में की गई इस कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से 20 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
वहीं थाना समालसर पुलिस ने गांव रोडे में गश्त के दौरान गुरप्रीत सिंह उर्फ सुखा पुत्र जसवीर सिंह निवासी गांव रोडे, जिला मोगा को गिरफ्तार किया। सहायक थानेदार सतवंत सिंह की अगुवाई में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी से 7 ग्राम हेरोइन बरामद की। बरामद हेरोइन को पारदर्शी मोमी लिफाफे में रखा गया था। पांचवें मामले में थाना बाघापुराना पुलिस ने गांव माहला खुर्द के क्षेत्र में गश्त के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें सतनाम सिंह पुत्र अमर सिंह निवासी चंद नवां और जसवंत सिंह उर्फ नन्नू पुत्र गुरप्रीत सिंह निवासी सिंघावाला शामिल हैं। हवलदार छिंदरपाल कौर की अगुवाई में पुलिस पार्टी ने दोनों आरोपियों को काबू कर उनके कब्जे से 25 ग्राम हेरोइन बरामद की।
पुलिस ने सभी सातों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 61 और 85 के तहत संबंधित थानों में मामले दर्ज किए हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा नशे की सप्लाई के स्रोत और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जिले में एक ही दिन में पांच अलग-अलग स्थानों पर की गई इन कार्रवाइयों के दौरान कुल 120 ग्राम हेरोइन की बरामदगी को पुलिस की नशा विरोधी मुहिम के तहत महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
📍 Location: मोगा

