Site icon Dainik Savera Times

मोगा में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 आरोपी गिरफ्तार, 135 ग्राम हेरोइन बरामद

मोगा: जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 135 ग्राम हेरोइन बरामद की है। सभी मामलों में संबंधित थानों की पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना सिटी साउथ मोगा पुलिस ने गश्त के दौरान झंडेयवाला गांव के क्षेत्र से जसप्रीत सिंह उर्फ जैड ब्लैक निवासी साधांवाली बस्ती, मोगा को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 20 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसी थाना पुलिस ने पी.मार्का फैक्टरी के पास मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए विजय उर्फ काली निवासी साधांवाली बस्ती को काबू किया। आरोपी से 25 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

थाना कोट ईसे खां पुलिस ने गांव मंदर क्षेत्र में गश्त के दौरान दो आरोपियों अमनप्रीत सिंह उर्फ अमना निवासी जनेर और अमरजीत कौर पत्नी सरवन सिंह निवासी दौलेवाला को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से कुल 50 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। थाना सदर मोगा पुलिस ने गांव दौलतपुरा नीवां के क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए डगरू बॉबी देओल निवासी गांव दौलतपुरा नीवां को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार उसके कब्जे से 18 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

थाना समालसर पुलिस ने गश्त के दौरान सतिंदरजीत सिंह उर्फ विक्की निवासी गिल, जिला फिरोजपुर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 7 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। वहीं थाना अजितवाल पुलिस ने गांव धूड़़ीके के क्षेत्र से जगदीप सिंह मानक उर्फ जगा निवासी फतेहगढ़ कोरोटाना को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन बरामद की।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर लिए हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद नशे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version