Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

Moga: 80 किलो डोडा पोस्त सहित आरोपी गिरफ्तार, बिना नंबर की क्रेटा कार भी बरामद

September 9, 2026

Moga: 80 किलो डोडा पोस्त सहित आरोपी गिरफ्तार, बिना नंबर की क्रेटा कार भी बरामद

बधनी कलां। थाना बधनी कलां पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को 80 किलोग्राम डोडा पोस्त सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिना नंबर की सफेद रंग की क्रेटा कार भी बरामद की है। इस संबंध में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, दाना मंडी बधनी कलां में गश्त के दौरान की गई। पुलिस टीम को मुखबिर खास से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति नशीले पदार्थ की तस्करी से जुड़ा हुआ है और बिना नंबर की सफेद रंग की क्रेटा कार में डोडा पोस्त लेकर जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर निगरानी शुरू कर दी। पुलिस ने मौके पर संदिग्ध व्यक्ति को बिना नंबर की सफेद क्रेटा कार सहित काबू कर लिया। तलाशी के दौरान कार से 80 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने नशीला पदार्थ कब्जे में लेने के साथ-साथ कार को भी अपने कब्जे में ले लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान जगसीर सिंह उर्फ जग्गा पुत्र हरनेक सिंह पुत्र हरी सिंह, निवासी रामा, जिला मोगा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना बधनी कलां में मुकदमा दर्ज किया है। इस पूरी कार्रवाई की अगुवाई एसआई प्रीतम सिंह, नंबर 513/मोगा द्वारा की गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक नशे की तस्करी पर रोक लगाने के लिए क्षेत्र में लगातार गश्त और संदिग्ध लोगों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि बरामद किया गया डोडा पोस्त कहां से लाया गया था और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। मामले की जांच के दौरान नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

📍 Location: बधनी कलां

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें