मोगा: जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से कुल 32 ग्राम हेरोइन बरामद की है। दोनों मामलों में संबंधित थानों की पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना बधनी कलां की पुलिस पार्टी ने गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 20 ग्राम हेरोइन बरामद की। आरोपित की पहचान इंदरजीत सिंह उर्फ काला पुत्र कुलदीप सिंह निवासी,बधनी कलां के रूप में हुई है। इस संबंध में थाना बधनी कलां में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की कार्रवाई एसआई सतनाम सिंह के नेतृत्व में की गई।
वहीं दूसरे मामले में थाना मेहना की पुलिस ने गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 12 ग्राम हेरोइन बरामद की। गिरफ्तार आरोपित की पहचान मखन सिंह उर्फ अजय पुत्र जीत सिंह, निवासी मेहना के रूप में हुई है।इस संबंध में थाना मेहना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की कार्रवाई एएसआई हरपाल सिंह के नेतृत्व में की गई।
दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है और बरामद हेरोइन को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही है।
📍 Location: मोगा

