मोगा: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निहाल सिंह वाला थाना पुलिस ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में नशीले कैप्सूल बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से 100 नशीली गोलियों के अलावा 4400 प्रेगाबालिन कैप्सूल बरामद किए गए हैं।
जानकारी देते हुए सहायक थानेदार फैज मोहम्मद ने बताया कि थाना निहाल सिंह वाला की टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली विशेष सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस टीम ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को काबू कर उनकी तलाशी ली।
आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगजीत सिंह पुत्र केवल सिंह निवासी फरीदकोट तथा निशान सिंह पुत्र दलीप सिंह निवासी मानी सिंह वाला, जिला फरीदकोट के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 100 नशीली गोलियां बरामद की गईं। इसके अलावा एक प्लास्टिक के गट्टे में 440 पत्ते कैप्सूल मिले, जिनमें कुल 4400 कैप्सूल बताए गए हैं। इन पर Pregabalin Capsules IP 3 लिखे होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज
बरामदगी के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। थाना निहाल सिंह वाला में एनडीपीएस एक्ट तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी संख्या में कैप्सूल आरोपियों के पास कहां से पहुंचे और इन्हें आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस आरोपियों के नेटवर्क और संभावित सप्लाई चैन की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशीली गोलियों और कैप्सूलों की अवैध सप्लाई पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। आने वाले दिनों में ऐसे मामलों में और कार्रवाई किए जाने की संभावना है।
📍 Location: निहाल सिंह

