मोगा: पंजाब में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने और प्रतिबंधित दवाइयों की अवैध बिक्री रोकने के लिए मोगा पुलिस तथा ड्रग कंट्रोल विभाग की ओर से संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत शनिवार को कस्बा निहाल सिंह वाला में ड्रग इंस्पेक्टर रवि गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न मेडिकल स्टोरों पर औचक जांच की। इस दौरान एक मेडिकल स्टोर से संदिग्ध एवं आपत्तिजनक दवाइयां बरामद हुईं। संबंधित दुकानदार इन दवाइयों की खरीद-बिक्री का आवश्यक रिकॉर्ड पेश नहीं कर सका।
ड्रग इंस्पेक्टर रवि गुप्ता ने बताया कि पुलिस टीम के सहयोग से निहाल सिंह वाला के विभिन्न मेडिकल स्टोरों की जांच की गई। जांच के दौरान एक दुकान से ऐसी दवाइयां मिलीं, जिनके संबंध में दुकानदार खरीद और बिक्री का रिकॉर्ड नहीं दिखा पाया। इसके बाद विभागीय टीम ने संबंधित दवाइयों को अपने कब्जे में लेकर सील कर दिया। उन्होंने बताया कि दवाइयों को माननीय अदालत में पेश किया जाएगा और मामले में आगे की कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि मेडिकल स्टोरों की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा। कस्बे के साथ-साथ आसपास के गांवों और अन्य शहरी क्षेत्रों में भी मेडिकल स्टोरों की जांच की जाएगी, ताकि प्रतिबंधित दवाइयों की अवैध बिक्री पर रोक लगाई जा सके और नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
इस संबंध में निहाल सिंह वाला के डीएसपी अनवर अली ने बताया कि एसएसपी मोगा के दिशा-निर्देशों के तहत पुलिस और ड्रग कंट्रोल विभाग मिलकर नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डीएसपी ने नशा तस्करों और प्रतिबंधित दवाइयों की अवैध बिक्री करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। यदि कोई मेडिकल स्टोर संचालक नियमों का उल्लंघन करता या प्रतिबंधित दवाइयों की गैरकानूनी बिक्री में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई से मेडिकल स्टोर संचालकों में सतर्कता बढ़ने की उम्मीद है। वहीं, जांच पूरी होने के बाद ही बरामद दवाइयों के संबंध में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
📍 Location: निहाल सिंह वाला

